नाहन नगर परिषद में 5.25 लाख के गबन का आरोप, दो कर्मचारियों पर मामला दर्ज

WhatsApp Channel Join Now

नाहन, 07 सितंबर (हि.स.)। नगर परिषद नाहन में डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण के यूजर चार्ज में 5.25 लाख रुपये के गबन का मामला सामने आया है। पुलिस थाना नाहन में दो कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 7 सितंबर को नगर परिषद नाहन के सीनियर एक्जीक्यूटिव ऑफिसर संजय कुमार की शिकायत पर अभियोग पंजीकृत किया गया है। शिकायत के अनुसार नगर परिषद द्वारा डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण के लिए नितिन कल्याण निवासी वाल्मीकि बस्ती नाहन को, जो सीएलसी के माध्यम से आउटसोर्स सफाई कर्मचारी के रूप में कार्यरत था, यूजर चार्ज वसूली हेतु रसीद पुस्तिकाएं जारी की गई थीं।

जून 2023 से 15 सितंबर 2025 तक उसके द्वारा कुल 11,18,660 रुपये यूजर चार्ज एकत्रित किया गया, जबकि नगर परिषद के संबंधित कर्मचारी अहसान अहमद, हेल्पर के पास केवल 5,93,450 रुपये ही जमा करवाए गए। इस प्रकार 5,25,210 रुपये की राशि कम जमा पाई गई, जिसका कथित रूप से गबन किया गया है।

इसके अलावा 3,94,300 रुपये की राशि से संबंधित डुप्लीकेट रसीदें भी उपलब्ध नहीं हैं तथा जारी की गई 16 रसीद पुस्तिकाओं में से 5 पुस्तिकाएं और संबंधित रिकॉर्ड भी नगर परिषद कार्यालय में वापस जमा नहीं हुए हैं। शिकायत में दोनों कर्मचारियों पर आपसी मिलीभगत से सरकारी धन के गबन और रिकॉर्ड में अनियमितता के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story