नाहन नगर परिषद में पर्ची सिस्टम से तय हुई सत्ता, कांग्रेस को अध्यक्ष तो भाजपा को मिला उपाध्यक्ष का पद

WhatsApp Channel Join Now
नाहन नगर परिषद में पर्ची सिस्टम से तय हुई सत्ता, कांग्रेस को अध्यक्ष तो भाजपा को मिला उपाध्यक्ष का पद


नाहन, 24 जून (हि.स.)। देश की दूसरी सबसे पुरानी नगर परिषद नाहन की सत्ता का फैसला आखिरकार मतों से नहीं, बल्कि पर्ची सिस्टम से हुआ। पर्ची के फैसले में कांग्रेस समर्थित उपमा धीमान अध्यक्ष चुनी गईं, जबकि भाजपा समर्थित प्रदीप सहोत्रा उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए। टाउन हॉल में करीब डेढ़ घंटे तक चली चुनावी प्रक्रिया के दौरान पूरे शहर की निगाहें इस मुकाबले पर टिकी रहीं। बुधवार सुबह से ही टाउन हॉल परिसर में राजनीतिक सरगर्मियां तेज रहीं। सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया था।

इस दौरान दोनों दलों के समर्थक और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौके पर मौजूद रहे। नगर परिषद नाहन में कुल 13 वार्ड हैं, जिनमें सात वार्डों में भाजपा और छह वार्डों में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी निर्वाचित हुए हैं। हालांकि नगर परिषद चुनाव में विधायक के वैधानिक मत के शामिल होने से दोनों पक्ष सात-सात मतों के बराबर आंकड़े पर पहुंच गए। सबसे बड़ी और अहम बात ये रही कि मतदान के दौरान किसी भी पक्ष से क्रॉस वोटिंग नहीं हुई और दोनों पदों पर मुकाबला बराबरी पर छूट गया। इसके बाद चुनाव अधिकारी उपेंद्र चौहान ने नियमानुसार पर्ची प्रणाली से फैसला कराने का निर्णय लिया।

तहसीलदार नाहन व कार्यकारी एसडीएम उपेंद्र चौहान ने बताया कि आज के चुनाव शांति पूर्ण तरिके से सम्पन्न हो गए हैं और बराबरी में मतगणना के बाद नियम अनुसार दो बच्चियों ने पर्ची निकाली जिसमे कांग्रेस समर्थित अध्यक्ष और भाजपा समर्थित उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं

विधायक नाहन अजय सोलंकी ने कहा कि आज अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुने गए हैं और अब नगर परिषद का कार्य आरम्भ होंगे। उन्होंने आशा जताई की नगर परिषद प्राचीन शहर नाहन को सुंदर व् स्वच्छ बनाने के लिए कार्य करेंगे।

नव निर्वाचित अध्यक्ष उपमा धीमान ने कहा क़ि वो नगर के विकास को लेकर पूरी श्रद्धा से कार्य करेंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story