विधायक अजय सोलंकी ने कांग्रेस प्रत्याशियों के लिए किया जनसंपर्क

WhatsApp Channel Join Now
विधायक अजय सोलंकी ने कांग्रेस प्रत्याशियों के लिए किया जनसंपर्क


नाहन, 13 मई (हि.स.)। जिला मुख्यालय नाहन में नगर परिषद चुनाव के लिए 17 मई को मतदान होना है। चुनाव प्रचार के अंतिम चरण में अब डोर-टू-डोर जनसंपर्क अभियान तेज हो गया है। इसी क्रम में अजय सोलंकी ने बुधवार को नगर के विभिन्न वार्डों में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार किया।

इस दौरान अजय सोलंकी ने कहा कि नाहन एक ऐतिहासिक और धरोहर नगर है, लेकिन पिछले लगभग दस वर्षों में भाजपा समर्थित नगर परिषद के कार्यकाल में शहर की स्थिति बदहाल हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास कार्यों की अनदेखी की गई और नगर परिषद उपलब्ध संसाधनों का समुचित उपयोग नहीं कर पाई।

विधायक ने कहा कि उन्होंने अपनी विधायक निधि से नगर परिषद को दो करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध करवाई थी। इसके अतिरिक्त विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत मिलने वाले टाइड फंड भी नगर परिषद खर्च नहीं कर सकी। उन्होंने आरोप लगाया कि केवल कुछ चुनिंदा ठेकेदारों को लाभ पहुंचाने का कार्य किया गया।

सोलंकी ने विश्वास जताया कि इस बार नगर की जनता बदलाव के पक्ष में मतदान करेगी और कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों को अपना समर्थन एवं आशीर्वाद देगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story