नगर निगम चुनाव में हार की करेंगे समीक्षा, संगठन को और मजबूत बनाएंगे : विक्रमादित्य सिंह

WhatsApp Channel Join Now
नगर निगम चुनाव में हार की करेंगे समीक्षा, संगठन को और मजबूत बनाएंगे : विक्रमादित्य सिंह


शिमला, 01 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के चार नगर निगमों में से तीन पर भारतीय जनता पार्टी की जीत और जिला परिषद चुनावों में भाजपा की बढ़त के बाद कांग्रेस के भीतर मंथन का दौर शुरू हो गया है। लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने चुनावी नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए सोमवार को कहा कि कांग्रेस नगर निगम चुनावों में मिली हार के कारणों की समीक्षा करेगी और संगठन को मजबूत करने पर विशेष फोकस किया जाएगा।

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि कांग्रेस की नई संगठनात्मक टीम के साथ सकारात्मक तरीके से आगे बढ़ने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलेगी तथा संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत बनाने के लिए काम किया जाएगा। उन्होंने माना कि तीन नगर निगमों में कांग्रेस को अपेक्षित सफलता नहीं मिली है, लेकिन इसके पीछे के कारणों पर पार्टी स्तर पर विस्तार से चर्चा और आत्ममंथन किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि पालमपुर क्षेत्र में कांग्रेस ने अच्छा प्रदर्शन किया है और कई स्थानों पर कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों को जनता का समर्थन मिला है। उनके अनुसार पंचायत और स्थानीय निकाय चुनावों की अपनी अलग प्रकृति होती है, जहां उम्मीदवार का व्यक्तिगत व्यवहार, स्थानीय रिश्ते और सामाजिक जुड़ाव महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि पंचायत प्रधान और स्थानीय जनप्रतिनिधि विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाते हैं, इसलिए इन चुनावों का स्थानीय स्तर पर विशेष महत्व होता है। उन्होंने कहा कि भाजपा की ओर से जो राजनीतिक दावे किए जा रहे हैं, उनकी वास्तविक स्थिति आने वाले समय में और स्पष्ट हो जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story