पालमपुर नगर निगम चुनाव : भाजपा ने 13 वार्डों में उतारे उम्मीदवार, 17 मई को मतदान

WhatsApp Channel Join Now
पालमपुर नगर निगम चुनाव : भाजपा ने 13 वार्डों में उतारे उम्मीदवार, 17 मई को मतदान


शिमला, 29 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में पालमपुर नगर निगम चुनाव को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने नगर निगम के 15 में से 13 वार्डों के लिए पार्टी के अधिकृत उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। इसके साथ ही चुनावी मुकाबले की तस्वीर धीरे-धीरे साफ होने लगी है।

भाजपा द्वारा जारी सूची के अनुसार वार्ड 1 लोहना से सूबेदार हुक्म चंद, वार्ड 3 पालमपुर खास से प्रीति राणा, वार्ड 4 आईमा से अनीषा शर्मा, वार्ड 5 सुघर से अनीष नाग, वार्ड 6 घुघर खिलडू से मुनीषा शर्मा, वार्ड 7 बिंद्रावन से मंजू बाला, वार्ड 8 खलेट से सुरेंद्र ठाकुर, वार्ड 9 चौकी से मीनू देवी, वार्ड 12 घुग्गर टांडा से ललित शर्मा, वार्ड 13 टांडा से वर्षा कुमारी और वार्ड 14 बनूरी से मोनिका शर्मा को मैदान में उतारा गया है। इसके अलावा वार्ड 11 राजपुर से किरणा देवी और वार्ड 15 होलटा से लता देवी को भी उम्मीदवार बनाया गया है।

पालमपुर नगर निगम के लिए 17 मई को मतदान होना है, जबकि मतगणना 31 मई को होगी। ऐसे में सभी राजनीतिक दलों ने अपनी-अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं और उम्मीदवारों के ऐलान के साथ ही चुनाव प्रचार भी गति पकड़ने लगा है।

यह चुनाव इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि फिलहाल नगर निगम पर कांग्रेस का कब्जा है। वर्ष 2021 में हुए पिछले चुनाव में कांग्रेस ने अप्रत्याशित जीत दर्ज करते हुए 15 में से 11 सीटें जीती थीं। उस चुनाव में भाजपा और निर्दलीय उम्मीदवारों को केवल दो-दो सीटों से संतोष करना पड़ा था।

राजनीतिक जानकारों का कहना है कि इस बार भाजपा पिछली हार की भरपाई करने के इरादे से चुनाव मैदान में उतरी है, जबकि कांग्रेस अपनी बढ़त को बनाए रखने की कोशिश करेगी। ऐसे में पालमपुर नगर निगम का यह चुनाव एक बार फिर दिलचस्प मुकाबले की ओर बढ़ता दिख रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story