चारों नगर निगमों के लिए भाजपा मंगलवार को जारी करेगी ‘संकल्प पत्र’

WhatsApp Channel Join Now
चारों नगर निगमों के लिए भाजपा मंगलवार को जारी करेगी ‘संकल्प पत्र’


शिमला, 11 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में नगर निगम चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी चुनावी रणनीति को और तेज कर दिया है। भाजपा 12 मई को धर्मशाला, सोलन, पालमपुर और मंडी चारों नगर निगमों के लिए अलग-अलग “संकल्प पत्र” जारी करेगी। पार्टी का कहना है कि ये केवल चुनावी घोषणा पत्र नहीं होंगे, बल्कि शहरों के विकास से जुड़े विजन डॉक्यूमेंट होंगे, जिनमें स्थानीय जरूरतों और लोगों की समस्याओं को प्रमुखता दी गई है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल 12 मई को सोलन नगर निगम के लिए संकल्प पत्र जारी करेंगे। इसके साथ ही वह 12 और 13 मई को सोलन नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में जनसंपर्क अभियान भी चलाएंगे। पार्टी नेताओं का कहना है कि भाजपा इस बार नगर निगम चुनावों में विकास और शहरी सुविधाओं को मुख्य मुद्दा बनाकर मैदान में उतर रही है।

भाजपा के अनुसार चारों नगर निगमों के लिए तैयार किए गए संकल्प पत्रों में ट्रैफिक, पार्किंग, पेयजल, स्वच्छता, महिला सुरक्षा, व्यापार, पर्यटन, युवाओं और आधुनिक शहरी सुविधाओं जैसे मुद्दों को शामिल किया गया है। पार्टी का दावा है कि ये दस्तावेज स्थानीय लोगों की अपेक्षाओं और क्षेत्रीय जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किए गए हैं।

भाजपा ने कहा कि 12 मई को चारों नगर निगमों में वरिष्ठ नेता संकल्प पत्र जारी करेंगे। सोलन में डॉ. राजीव बिंदल और प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल, मंडी में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और प्रदेश महामंत्री पायल वैद्य, पालमपुर में भाजपा उपाध्यक्ष विपिन परमार और वरिष्ठ प्रवक्ता त्रिलोक कपूर, जबकि धर्मशाला में प्रदेश उपाध्यक्ष पवन काजल और विधायक सुधीर शर्मा मौजूद रहेंगे।

भाजपा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी के पास विकास का स्पष्ट विजन और मजबूत नेतृत्व है, जबकि कांग्रेस जनता का विश्वास खो चुकी है। भाजपा का कहना है कि नगर निगम चुनावों में वह विकास, पारदर्शिता और जवाबदेही के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story