भाजपा ने पालमपुर नगर निगम चुनाव में बागी उम्मीदवार को किया निलंबित

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा ने पालमपुर नगर निगम चुनाव में बागी उम्मीदवार को किया निलंबित


शिमला, 11 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी ने पालमपुर नगर निगम चुनाव में पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ रहे एक कार्यकर्ता के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिन्दल ने पालमपुर के वार्ड नंबर-5 सुग्घर से चुनाव लड़ रहे संजीव राणा की प्राथमिक सदस्यता तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दी है।

भाजपा प्रदेश कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि पंचायतीराज एवं नगर निकाय चुनाव के लिए गठित अनुशासन समिति को संगठनात्मक जिला पालमपुर और पालमपुर शहरी मंडल से शिकायत मिली थी कि संजीव राणा पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार के खिलाफ चुनाव मैदान में हैं। समिति ने मामले पर विचार करने के बाद इसे अनुशासनहीनता का गंभीर मामला माना और प्रदेश अध्यक्ष से कार्रवाई की सिफारिश की।

इसके बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिन्दल ने पार्टी संविधान के अनुसार कार्रवाई करते हुए संजीव राणा की प्राथमिक सदस्यता निलंबित करने के आदेश जारी किए। यह जानकारी भाजपा हिमाचल प्रदेश के प्रदेश कार्यालय सचिव प्रमोद ठाकुर की ओर से जारी की गई है।

प्रदेश के 51 शहरी निकायों में 17 मई को मतदान होना है। नगर परिषद और नगर पंचायतों में मतगणना मतदान के तुरंत बाद की जाएगी, जबकि चार नगर निगमों धर्मशाला, पालमपुर, मंडी और सोलन में मतगणना 31 मई को होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story