तीन नगर निगमों में मेयर-डिप्टी मेयर चुनाव के लिए भाजपा ने तैनात किए पर्यवेक्षक

WhatsApp Channel Join Now
तीन नगर निगमों में मेयर-डिप्टी मेयर चुनाव के लिए भाजपा ने तैनात किए पर्यवेक्षक


शिमला, 08 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में मंडी, धर्मशाला और सोलन नगर निगमों में होने वाले मेयर और डिप्टी मेयर चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपने वरिष्ठ नेताओं को पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। पार्टी ने चुनावी प्रक्रिया के दौरान संगठनात्मक समन्वय बनाए रखने और निर्वाचित पार्षदों के साथ संवाद स्थापित करने के लिए यह जिम्मेदारी सौंपी है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल की ओर से जारी आदेशों के अनुसार मंडी नगर निगम के लिए राज्यसभा सांसद सिकंदर कुमार और प्रदेश महामंत्री पायल वैद्य को पर्यवेक्षक बनाया गया है। दोनों नेता मेयर और डिप्टी मेयर चुनाव की प्रक्रिया के दौरान पार्टी की ओर से समन्वय की जिम्मेदारी निभाएंगे।

धर्मशाला नगर निगम के लिए विधायक पवन काजल और पूर्व मंत्री विक्रम ठाकुर को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। पार्टी का कहना है कि दोनों नेता चुनावी प्रक्रिया के दौरान आवश्यक रणनीतिक और संगठनात्मक समन्वय सुनिश्चित करेंगे।

वहीं सोलन नगर निगम में विधायक बलवीर वर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष बिहारी लाल शर्मा और प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल को पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी दी गई है। भाजपा ने सोलन के लिए तीन सदस्यीय टीम बनाई है, जिसका उद्देश्य निर्वाचित प्रतिनिधियों और संगठन के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखना है।

भाजपा का कहना है कि नगर निगम चुनावों में मिली सफलता के बाद पार्टी मेयर और डिप्टी मेयर चुनावों को भी पूरी तैयारी और संगठनात्मक अनुशासन के साथ संपन्न कराना चाहती है। इसी उद्देश्य से अनुभवी नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने कहा कि नगर निगम चुनावों में जनता ने भाजपा पर भरोसा जताया है और पार्टी उस विश्वास पर खरा उतरने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव लोकतांत्रिक मूल्यों और संगठन की प्रक्रिया के अनुरूप कराया जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा के निर्वाचित पार्षद विकास, सुशासन और जनसेवा के एजेंडे के साथ काम करेंगे। पार्टी का लक्ष्य नगर निगमों में पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन सुनिश्चित करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story