चुनाव की दहलीज पर खड़ी मंडी नगर निगम ने पेश किया अपना अंतिम बजट, 2026-27 में खर्च होंगे 4416 लाख

WhatsApp Channel Join Now
चुनाव की दहलीज पर खड़ी मंडी नगर निगम ने पेश किया अपना अंतिम बजट, 2026-27 में खर्च होंगे 4416 लाख


मंडी, 01 अप्रैल (हि.स.)। पांच साल पहले बनी मंडी नगर निगम जिसका कार्यकाल अप्रैल महीने में खत्म होने जा रहा है ने वर्ष 2026-27 का बजट पेश किया। महापौर वीरेंद्र भट्ट ने बुधवार से शुरू हो रहे नए वित्त वर्ष के लिए 4416 लाख का प्रावधान रखा गया है। खत्म हुए वित्त वर्ष यह बजट 3570 लाख था। नए बजट में प्रमुख बिंदुओं में नगर निगम मंडी ने शहर में चल रहे पीजी व निजि पार्किंग से कर वसूला जाएगा।

शहर के विभिन्न भागों में जहां पर जगह उपलब्ध होगी, नई दुकानों का निर्माण किया जाएगा, टाउन हाल मंडी जो करोड़ों की लागत से बनाया गया है को मैरिज पैलेस में बदलने की भी योजना है। शिव धाम या बल्ह घाटी के बैहना में सामुदायिक केंद्र बनाने की भी योजना इस बजट में रखी गई है। मंडी शहर को निर्भया योजना के तहत चयनित किया गया है जिसके लिए निगम ने 2 करोड़ 19 लाख का एक प्रारूप तैयार करके केंद्र सरकार को भेजा है। सफाई व्यवस्था पर इस साल 7 करोड़ का खर्चा किया जाना प्रस्तावित है।

बंदरों के आतंक को देखते हुए उन्हें पकड़ने व सुंदरनगर उपमंडल के सलापड़ ले जाकर छोड़ने के लिए भी 5 लाख रूपए खर्च करने की योजना है। महिला शौचालयों में सेनेटरी पैड लगाने के लिए भी बजट का प्रावधान रखा गया है। मंडी नगर में ओला व उबर की तर्ज पर परिवहन सेवाएं शुरू करने के लिए भी नगर निगम पहल करेगा व स्मार्ट सिटी की तर्ज पर सीसीटीवी कैमरे भी जगह जगह लगाए जाएंगे। उसके लिए भी पैसे का प्रावधान रखा गया है। निगम में 102 पद स्वीकृत हैं मगर वर्तमान में केवल 53 पद ही भरे गए हैं, बाकी पदों को भरने के भी प्रयास करने की बात महापौर ने कही है। ऐतिहासिक नगर मंडी की प्राचीन धरोहरों को उभार कर उन्हें पर्यटकों तक पहुंच बनाने के प्रयास किए जाएंगे। बेसहारा पशुओं व आवारा कुत्तों के लिए भी केंद्र बनाए जाने की योजना इस बजट में रखी गई है। बकाया गृह कर व तहबाजारी को सख्ती के साथ वसूलने का भी संकल्प इस बजट में लिया गया है।

इसके अलावा शहर के नालों का तटीकरण, पार्कों का निर्माण,सड़कों का नवीनीकरण, कर्मचारी आवास, शहर का सौंदर्यकरण व नए शामिल क्षेत्रों में रेन शैल्टर बनाए जाने की योजना भी इस बजट में है। इस मौके पर नगर निगम की उपमहापौर माधुरी कपूर, सभी निर्वाचित व मनोनीत पार्षद, आयुक्त रोहित राठौर, अतिरिक्त आयुक्त विजय कुमार, अनुभाग अधिकारी राकेश गुलेरिया व अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story