मतगणना प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं सुचारू बनाने के लिए सुंदरनगर में पूर्वाभ्यास आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
मतगणना प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं सुचारू बनाने के लिए सुंदरनगर में पूर्वाभ्यास आयोजित


मंडी, 29 मई (हि.स.)। मंडी जिला के विकासखंड सुंदरनगर में पंचायती राज चुनावों के अंतर्गत जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों की मतगणना को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के उद्देश्य से मतगणना हॉल में पूर्वाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। कृषक प्रशिक्षण केंद्र सुंदरनगर के सामुदायिक भवन स्थित मतगणना हाल में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी ने की। इस अवसर पर सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं बीडीओ सुंदरनगर नियोन शर्मा तथा नायब तहसीलदार (निर्वाचन) सुनील कुमार भी उपस्थित रहे। पूर्वाभ्यास में मतगणना सुपरवाइजर एवं अन्य मतगणना कर्मियों ने भाग लिया। अधिकारियों को मतपत्रों की गणना, अभिलेखों के संधारण तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी गई।

एसडीएम अमर नेगी ने बताया कि सुंदरनगर में 3 जिला परिषद एवं 16 बीडीसी सदस्यों तथा निहरी में 15 बीडीसी सदस्यों की मतगणना की जाएगी। जिला परिषद एवं बीडीसी सदस्यों की मतगणना 31 मई को प्रातः 9 बजे से शुरू होगी। सुंदरनगर में मतगणना स्थल कृषक प्रशिक्षण केंद्र का सामुदायिक भवन तथा निहरी में राजकीय महाविद्यालय होगा। सुंदरनगर में 16 तथा निहरी में 12 मतगणना टेबल स्थापित किए जाएगें। एसडीएम ने सभी प्रत्याशियों से आग्रह किया कि वे अपने मतगणना अभिकर्ताओं को आई डी कार्ड हेतु पासपोर्ट आकार फोटो सहित फॉर्म-27 को 30 मई तक जमा करवाना सुनिश्चित करें। जिला परिषद प्रत्याशियों के अभिकर्ताओं के फॉर्म-27 पर एसडीएम तथा पंचायत समिति प्रत्याशियों के अभिकर्ताओं के फॉर्म-27 पर नायब तहसीलदार सुंदरनगर के हस्ताक्षर करवाना आवश्यक होंगे।

उन्होंने कहा कि प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा मतगणना के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story