माता अवाहदेवी मंदिर में पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने नवाया शीश, जनकल्याण और सुख-समृद्धि की कामना की
हमीरपुर, 15 अक्टूबर (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने आज ऐतिहासिक माता अवाहदेवी मंदिर में माथा टेककर माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर उनकी धर्मपत्नी शीला धूमल भी उपस्थित रहीं। अवसर पर उन्होंने समस्त प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की तथा प्रदेश में आपसी सद्भाव, खुशहाली और निरंतर विकास की प्रार्थना की।
माता अवाहदेवी मंदिर के धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व का उल्लेख करते हुए प्रो. धूमल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की देवभूमि की पहचान यहां की प्राचीन धार्मिक परंपराओं, आस्था और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से है। हमीरपुर जिले की ऊंची पहाड़ी पर स्थित माता अवाहदेवी का मंदिर श्रद्धालुओं की अटूट आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां हमीरपुर के साथ-साथ मंडी, कांगड़ा और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन करने पहुंचते हैं।
उन्होंने कहा कि स्थानीय मान्यताओं और पौराणिक परंपराओं में इस प्राचीन मंदिर का संबंध महाभारत काल और पांडवों से भी जोड़ा जाता है। पीढ़ियों से चली आ रही श्रद्धा और धार्मिक विश्वासों ने इस शक्तिपीठ स्वरूप धाम को क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया है। नवरात्र सहित विभिन्न धार्मिक अवसरों पर मंदिर में श्रद्धालुओं की विशेष उपस्थिति देखने को मिलती है।
प्रो. धूमल ने कहा कि मंदिर केवल पूजा-अर्चना का स्थल नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक एकता और आध्यात्मिक चेतना का प्रतीक भी हैं। ऐसे प्राचीन धार्मिक स्थलों का संरक्षण और संवर्धन करना हम सभी का दायित्व है, ताकि आने वाली पीढ़ियां अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ी रहें। धार्मिक पर्यटन को प्रोत्साहन देने के साथ श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाओं का विकास भी महत्वपूर्ण है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा

