मारकंडा नदी पर रिकॉर्ड 11 पुलों का निर्माण क्षेत्र के विकास का नया अध्याय : डॉ. राजीव बिंदल
नाहन, 17 जुलाई (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने शुक्रवार को कहा कि नाहन विधानसभा क्षेत्र की ऐतिहासिक मारकंडा नदी पर जनता के सहयोग, विश्वास और निरंतर प्रयासों से रिकॉर्ड 11 पुलों का निर्माण संभव हुआ है। उन्होंने इसे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि इन पुलों ने हजारों लोगों के जीवन को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक बनाया है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि एक समय ऐसा था जब बरसात के मौसम में मारकंडा नदी उफान पर आने से लोगों के मन में भय का वातावरण बन जाता था। नदी पार करने के दौरान अनेक लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी थी और कई गांवों का संपर्क घंटों, बल्कि कई बार दिनों तक कट जाता था। विद्यार्थियों, किसानों, कर्मचारियों, व्यापारियों और मरीजों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।
उन्होंने कहा कि वर्षों से चली आ रही इस गंभीर समस्या का स्थायी समाधान करने के उद्देश्य से योजनाबद्ध ढंग से पुलों का निर्माण कराया गया। उन्होंने बताया कि नाहन–पांवटा साहिब मार्ग पर खजूरना में निर्मित पुल मरकंडा नदी पर बना 11वां पुल है। इससे पहले बनकला, ढीमकी, रुखड़ी, मोगीनंद सहित विभिन्न स्थानों पर पुलों का निर्माण कराया जा चुका है, जिससे क्षेत्र के अनेक गांवों को हर मौसम में सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिली है।
डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि यह हमारा सौभाग्य है कि हमें मारकंडा नदी पर रिकॉर्ड 11 पुलों के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का अवसर मिला। यह केवल पुलों का निर्माण नहीं, बल्कि जनसुरक्षा, जनसुविधा और विकास के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

