मुख्यमंत्री ने धर्मशाला मैराथन 2.0 का एंथम लॉन्च किया

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री ने धर्मशाला मैराथन 2.0 का एंथम लॉन्च किया


शिमला, 20 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को धर्मशाला स्थित सर्किट हाउस में आयोजित एक समारोह में धर्मशाला मैराथन 2.0 का आधिकारिक एंथम लॉंच किया। उन्होंने मैराथन की जर्सी और मेडल का अनावरण भी किया। यह मैराथन कांगड़ा वैली कार्निवल-2026 के तहत आयोजित की जाएगी। धर्मशाला मैराथन के दूसरे संस्करण के लिए अब तक 850 से अधिक प्रतिभागियों ने पंजीकरण करवाया है। आयोजकों का लक्ष्य 20 दिसंबर तक देशभर से 2,000 से अधिक धावकों को इस आयोजन से जोड़ना है। विभिन्न आयु वर्गों के प्रतिभागियों के लिए 3 किलोमीटर, 5 किलोमीटर, 10 किलोमीटर, 20 किलोमीटर और 42 किलोमीटर की पांच श्रेणियांे की मैराथन आयोजित की जाएगी। इसके पहले संस्करण में लगभग 1,300 धावकों ने भाग लिया था, जो क्षेत्र में दौड़ और फिटनेस गतिविधियों के प्रति बढ़ते उत्साह को प्रदर्शित करती है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि धर्मशाला मैराथन 2.0 का आयोजन फिटनेस, खेल संस्कृति, पर्यटन को बढ़ावा देने और चिट्टे जैसी गंभीर सामाजिक बुराई के खिलाफ जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से विशेष रूप से युवाओं को स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित तथा नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा। प्रदेश सरकार कांगड़ा जिला को राज्य की पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित करने के लिए प्रयासरत है। यह मैराथन जिला कांगड़ा को प्रमुख पर्यटन गंतव्य के रूप में बढ़ावा देने में सहायक साबित होगी।

सुक्खू ने कहा कि क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए राज्य सरकार 2,600 करोड़ रुपये व्यय कर कांगड़ा हवाई अड्डे के विस्तार का कार्य कर रही है। जिला मुख्यालयों को हेलीपोर्ट के माध्यम से जोड़ने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है तथा पर्यटकों की सुविधा के लिए हेली-टैक्सी सेवाएं शुरू की जा रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780279 Articles

Share this story