प्रदेश में टैक्सी व्यवसाय से जुड़ी समस्याओं पर गौर फरमाए सरकार

WhatsApp Channel Join Now

मंडी, 20 मई (हि.स.)। मंडी टूरिज्म वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष महेंद्र गुलेरिया ने प्रदेश सरकार से टैक्सी व्यवसाय से जुड़ी समस्याओं पर गंभीरता से विचार करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ रहे पेट्रोल और डीजल के दामों ने जिला मंडी सहित पूरे प्रदेश के टैक्सी व्यवसायियों की कमर तोड़ कर रख दी है। एक ओर महंगाई लगातार बढ़ रही है तो दूसरी ओर टैक्सी किरायों में लंबे समय से कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है, जिसके कारण टैक्सी चालकों और मालिकों के लिए अपने परिवार का पालन-पोषण करना बेहद कठिन हो गया है।

उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की है कि टैक्सी किराए में बढ़ोतरी की जाए ताकि टैक्सी व्यवसाय से जुड़े हजारों परिवारों को राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश में निजी वाहनों द्वारा अवैध रूप से टैक्सी कार्य धड़ल्ले से किया जा रहा है। जिससे वैध टैक्सी ऑपरेटरों का रोजगार प्रभावित हो रहा है। सरकार और परिवहन विभाग को इस पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए तथा अवैध रूप से सवारियां ढोने वाले निजी वाहनों पर तुरंत अंकुश लगाया जाना चाहिए।

महेंद्र गुलेरिया ने कहा कि बिना रूट परमिट के बसों का संचालन भी लगातार बढ़ता जा रहा है। जिससे नियमों का खुला उल्लंघन हो रहा है और वैध रूप से कार्य कर रहे वाहन ऑपरेटरों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने परिवहन विभाग से मांग की कि बिना रूट परमिट के चल रही बसों तथा अन्य व्यावसायिक वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई की जाए।

मंडी टूरिज्म वेलफेयर सोसायटी ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि टैक्सी व्यवसायियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए तथा परिवहन नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि टैक्सी व्यवसाय से जुड़े लोगों का रोजगार सुरक्षित रह सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story