मंडी रिवालसर सुपर हाइवे पर गजनोहा में अधूरे डंगे से परिवार सांसत में

WhatsApp Channel Join Now
मंडी रिवालसर सुपर हाइवे पर गजनोहा में अधूरे डंगे से परिवार सांसत में


मंडी, 01 अक्टूबर (हि.स.)। जाहू-कलखर सुपर हाइवे को वाया रिवालसर मंडी तक बनाया जा रहा है। इसका अधिकांश काम पूरा हो गया है मगर जिस तरह से कंपनियों ने सड़क चौड़ाई से खत्म हुए रास्ते, सड़कें व खतरे में आए मकानों की सुरक्षा व बहाली के काम आधे अधूरे छोड़ दिए हैं उससे लोगों की जान सांसत में है। मंडी रिवालसर के बीच मंडी से 15 किलोमीटर की दूरी पर गांव गजनोहा में भी इसी तरह की कटिंग सड़क चौड़ाई के लिए कंपनी ने की है। इससे जहां गजनोहा पंचायत के गांव चौक को जाने वाली सड़क व रास्ता ध्वस्त हो गया वहीं युगल किशोर के मकान को खतरा पैदा हो गया। जब परिवार चीखा चिल्लाया और लोगों ने भी मुद्दा उठाया तो चूंकि उन दिनों कंपनी को आगे पीछे काम करना था तो इस कटिंग से हो रहे खतरे को रोकने के लिए डंगा लगाने की बात मानी। हैरानी तब हुई जब कंपनी आधा अधूरा डंगा लगाकर चलती बनी और खतरा ज्यूं का त्यूं ही बकरार रहा।

परिवारजनों युगल किशोर, भगत राम शर्मा, मनोज कुमार व चुनी लाल ने बताया कि बार बार गुहार लगाए जाने पर भी इस डंगे का काम पूरा नहीं हुआ। यह तो गनीमत रही कि इस बार बारिश ज्यादा नहीं हुई अन्यथा उनके घर के लिए खतरा पैदा हो जाता। बरसात के दौरान रातों की नींद हराम रही। इन परिजनों ने कंपनी व सरकार से आग्रह किया है कि वह इस अधूरे डंगे को पूरा करे ताकि उनके घर को जो खतरा पैदा हुआ है वह टल जाए। परिजनों ने इस बारे में पंचायत से भी गुहार लगाई है तथा एसडीएम बल्ह से भी आग्रह किया है कि वह मौका करवा कर इस खतरे को खत्म करने बारे निर्माण कर रहे विभाग व कंपनी से इस काम को करवाए। लगभग 60 फीट लंबाई का यह डंगा जो 12 से 15 फीट तक ऊंचाई तक लगाया जाना था को 8 फीट में रोक दिया गया जो मकान के लिए बना खतरा खत्म करने के लिए काफी नहीं है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story