नगर निगम मंडी की 31 मई को होने वाली मतगणना के लिए पूर्वाभ्यास आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
नगर निगम मंडी की 31 मई को होने वाली मतगणना के लिए पूर्वाभ्यास आयोजित


मंडी, 29 मई (हि.स.)। नगर निगम मंडी चुनाव-2026 के दृष्टिगत वल्लभ राजकीय महाविद्यालय मंडी के प्रशासनिक भवन स्थित परीक्षा हॉल में मतगणना प्रक्रिया का अंतिम पूर्वाभ्यास आयोजित किया गया। इस पर मतगणना कार्य में नियुक्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मतगणना प्रक्रिया, टेबल प्रबंधन, अभिलेख संधारण, परिणाम संकलन तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों संबंधी विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। अधिकारियों को मतगणना के दौरान पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं समयबद्धता बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।

सहायक रिटर्निंग अधिकारी रुपिंदर कौर ने कहा कि मतगणना प्रक्रिया निर्वाचन का अत्यंत महत्वपूर्ण चरण है, इसलिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी गंभीरता एवं सतर्कता के साथ करें। उन्होंने कहा कि मतगणना कार्य को शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

उन्होंने बताया कि नगर निगम के 14 बार्डों के 36 बूथों की मतगणना के लिए 13 टेबल लगाए गए हैं मतगणना तीन राउंड में पूर्ण होंगी।

उन्होंने बताया कि मतगणना संपन्न करवाने के लिए कुल 136 अधिकारी कर्मचारी तैनात किए गए है जिसमें 18 काउंटिंग सुपरिवाइजर और 18 काउंटिंग सहायक शामिल हैं।

सहायक रिटर्निग अधिकारी ने पूर्वाभ्यास के दौरान मतगणना हॉल की व्यवस्थाओं, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, रिकॉर्ड संधारण तथा अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं का भी निरीक्षण किया गया। पूर्वाभ्यास में मुख्य प्रशिक्षक विजय शर्मा तथा डॉ. कर्म सिंह ठाकुर ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से मतगणना प्रक्रिया से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।

रिहर्सल कार्यक्रम में संजीव धीमान तहसीलदार, निर्वाचन कानूनगो, डॉ. नवीन ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story