मंडी नगर निगम चुनाव के लिए भाजपा ने किया उम्मीदवारों का ऐलान

WhatsApp Channel Join Now
मंडी नगर निगम चुनाव के लिए भाजपा ने किया उम्मीदवारों का ऐलान


शिमला, 29 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में नगर निगम चुनावों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं और इसी कड़ी में भारतीय जनता पार्टी ने मंडी नगर निगम के सभी 15 वार्डों के लिए अपने अधिकृत उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में वार्डवार प्रत्याशियों के नाम घोषित किए।

बीजेपी ने मंडी नगर निगम के 15 वार्डों के लिए उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है। खलियार वार्ड से रणवीर सिंह, पुरानी मंडी से सरिता हांडा, पड्डल से निर्मल वर्मा और नेला से मंजू देवी को टिकट दिया गया है। मंगवाई से कृष्णा ठाकुर, सनयारड़ (अनुसूचित जाति) से वीरेन्द्र सिंह आर्य और तल्याहड़ से जितेन्द्र सिंह को उम्मीदवार बनाया गया है।

इसी तरह पैलेस कॉलोनी-1 से गुरदीप कौर, पैलेस कॉलोनी-2 से सुमन ठाकुर, सुहड़ा (अनुसूचित जाति महिला) से नेहा कुमारी और समखेतर से जितेन्द्र शर्मा को मैदान में उतारा गया है। भगवाहन से गगन कश्यप, थनेहड़ा से रजनी शर्मा, बैहना (अनुसूचित जाति) से गुरबचन सिंह और दोहंदी (अनुसूचित जाति महिला) से रीता देवी को पार्टी का उम्मीदवार घोषित किया गया है।

इसके अलावा पालमपुर नगर निगम के दो वार्डो के लिए भी भाजपा ने उम्मीदवारों की घोषणा की है। राजपुर वार्ड में किरण देवी औऱ होलटा वार्ड में लता देवी को उम्मीदवार घोषित किया गया है।

गौरतलब है कि प्रदेश के चार नगर निगमों मंडी, धर्मशाला, पालमपुर और सोलन में 17 मई को मतदान होगा, जबकि मतगणना 31 मई को की जाएगी। पिछली बार 2021 में हुए नगर निगम चुनावों में धर्मशाला और मंडी में बीजेपी ने जीत हासिल की थी, जबकि पालमपुर और सोलन में कांग्रेस ने कब्जा जमाया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story