सड़क पर गाड़े बोर्ड की वजह घायल हो रहे हैं लोग

WhatsApp Channel Join Now
सड़क पर गाड़े बोर्ड की वजह घायल हो रहे हैं लोग


मंडी, 21 अगस्त (हि.स.)। मंडी शहर के साथ लगती कुछ सड़कों को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत चौड़ा किया गया है। इसी क्रम में मंडी से कठलग केहनवाल मार्ग को भी सन्यारड़ से आगे जहां नेशनल हाइवे 3 अलग होता है से आगे कठलग तक लगभग 9 करोड़ की लागत से तैयार किया गया है जिसके दर्शाए गए सूचना पट्टों के मुताबिक जुलाई 2026 में पूर्ण कर दिया गया है। भले ही यह सड़क बनते ही टूटनी भी शुरू हो चुकी है, नालियां बनी नहीं हैं, कलवर्ट बंद पड़े हैं मगर सूचना पट्टों के मुताबिक इसका काम पूरा हो चुका है।

सन्यारड़ के पास लगाए गए कई सूचना पट्टों में एक ऐसा भी है जिसे इस तरह से लगाया गया है कि उससे आने जाने वालों के सिर कट रहे हैं। सेवानिवृत बैंकर बीसी शर्मा जो रोजाना अपने मित्रों के साथ इस मार्ग से सुबह की सैर पर जाते हैं के साथ भी यह हादसा पेश आया। तीखा बोर्ड सीधे उनके सिर पर जा घुसा और उन्हें लहुलुहान कर दिया। उनके सिर पर कई टांके लगाने पड़े, अब कई दिन तक उन्हें दवाईयां लेनी होंगी व मरहम पट्टी करवानी होगी। उन्होंने इसकी शिकायत मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1100 पर भी कर दी है।

उनके अनुसार वह तो रोज की तरह चले हुए थे मगर अब जो बोर्ड नए लगाए गए हैं वह ऐसे अंदर लगा दिए हैं जो जानलेवा हैं। कई दूसरों के सिर भी फटे हैं और वाहनों को यदि यहां पास देना पड़ रहा है तो वह भी इससे टकरा रहे हैं। यह एक व्यस्त मार्ग है और इस पर पैदल भी लोगों का आना जाना निरंतर लगा रहता है। पैदल चलने वाले अक्सर पक्की सड़क से हटकर चलते हैं और यह बोर्ड उनके लिए खतरा बन गया है। लोगों ने इस सारे निर्माण पर निगाह डालने का आग्रह लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह से किया है। उनसे यह आग्रह किया गया है कि अधिकारियों को निर्देश दें कि वह अपने कार्यालयों से बाहर निकल कर करोड़ों से तैयार बनी इन सड़कों की गुणवता की जांच करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story