अचानक होली मनाने सेरी मंच पहुंचे पूर्व सीएम एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर
मंडी, 02 मार्च (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के लिए इस वर्ष की होली मात्र रंगों का त्यौहार नहीं, बल्कि उनके गौरवशाली और समर्पित राजनीतिक जीवन के एक अत्यंत महत्वपूर्ण पड़ाव की साक्षी बनी है, जहां उन्होंने छोटी काशी के नाम से विख्यात मंडी जनपद के ऐतिहासिक सेरी मंच पर जन-जन के साथ गुलाल उड़ाकर न केवल अपनी पुरानी स्मृतियों को जीवंत किया, बल्कि इसी पावन अवसर पर प्रदेश की विधानसभा में अपने प्रवेश के सफल 28 वर्ष भी पूरे किए।
जयराम ठाकुर ने वर्षों के अंतराल के बाद अपने गृहक्षेत्र मंडी की गलियों और चौराहों पर आम जनता के बीच जाकर जिस आत्मीयता से होली मनाई, उसने उनके और जनता के बीच के अटूट विश्वास के रिश्ते को एक बार फिर रेखांकित कर दिया। इस दौरान उन्होंने भावुक होते हुए पत्रकारों से साझा किया कि आज से ठीक 28 वर्ष पहले इसी तिथि को उन्होंने पहली बार हिमाचल प्रदेश विधानसभा की दहलीज पर कदम रखा था और तब से लेकर आज तक का यह लंबा सफर प्रदेश की जनता के असीम स्नेह, सहयोग और आशीर्वाद के बिना संभव नहीं था।
उन्होंने विशेष रूप से सराज विधानसभा क्षेत्र और पूर्ववर्ती चच्योट क्षेत्र के मतदाताओं का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने उन पर निरंतर भरोसा जताकर उन्हें अपना जनप्रतिनिधि चुना, साथ ही उन्होंने मंडी जिला की जनता के प्रति अपनी कृतज्ञता प्रकट करते हुए कहा कि उनके राजनीतिक उत्थान में इस माटी का बहुत बड़ा योगदान रहा है। अपनी छात्र राजनीति के दिनों को याद करते हुए जयराम ठाकुर ने बताया कि जब वे कॉलेज में पढ़ते थे, तब मंडी की तंग गलियों में घूम-घूम कर होली खेलना एक अलग ही आनंद देता था और उस दौर में आज की तरह सेरी मंच पर कोई सामूहिक या भव्य आयोजन नहीं होता था, परंतु समय के साथ इस उत्सव के स्वरूप में आए सकारात्मक बदलाव और भव्यता को देखकर वे अत्यंत अभिभूत हैं।
जयराम ठाकुर ने अपनी धर्मपत्नी डॉ. साधना ठाकुर के साथ अचानक सेरी मंच पहुंचकर जब लोगों के बीच गुलाल उड़ाया, तो वहां मौजूद जनसैलाब का उत्साह देखते ही बन रहा था। इस दौरान उन्होंने आयोजकों की सराहना करते हुए समस्त प्रदेशवासियों को होली की मंगलकामनाएं दीं और यह संकल्प भी दोहराया कि हिमाचल प्रदेश को निरंतर विकास के पथ पर आगे ले जाना हम सभी का सामूहिक दायित्व है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

