मंडी धर्मपुर राष्ट्रीयमार्ग पर पलटी जेसीबी, मजदूर की मौत

WhatsApp Channel Join Now

मंडी, 22 सितंबर (हि.स.)। निर्माणाधीन अटारी जालंधर मंडी मनाली लेह एनएच मार्ग 003 पर मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में जेसीबी के पलट जाने से 21 साल के मजदूर की मौत हो गई। यह हादसा फेगडू धार के पास हुआ। सड़क निर्माण के दौरान एक जेसीबी मशीन अचानक पलट गई। इस हादसे में एक मजदूर मशीन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी जान चली गई। मृतक की पहचान 21 साल के नरेश सिंह के रूप में हुई है। वह शाम लाल के बेटे थे और जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले के सरार गांव के रहने वाले थे।

जानकारी के मुताबिक फेगडू धार के पास मंडी-धर्मपुर राष्ट्ीय राज मार्ग का काम चल रहा था। काम करते समय जेसीबी मशीन का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर पलट गई। नरेश सिंह वहीं मौजूद थे और मशीन की चपेट में आकर बुरी तरह जख्मी हो गए। हादसे के तुरंत बाद कंपनी के कर्मचारियों ने नरेश सिंह को बाहर निकाला। उन्हें इलाज के लिए पास के स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत बता दिया। घटना की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने हादसे की वजह की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाना शुरू कर दिया है। कंपनी अधिकारियों ने बताया कि जरूरी कानूनी कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिवार को सौंप दिया जाएगा। हादसे की जानकारी मृतक के परिवार को दे दी गई है। इस हादसे से इलाके में दुख का माहौल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story