मंडी बार एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह आयाेजित

WhatsApp Channel Join Now
मंडी बार एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह आयाेजित


मंडी, 30 नवंबर (हि.स.)। मंडी बार एसोसिएशन की नई निर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह बार कॉम्प्लेक्स के सभागार में विधिवत संपन्न हुआ। जिसमें दिनेश सकलानी ने अध्यक्ष पद की तथा लीला प्रकाश ने महासचिव पद की शपथ ग्रहण की। इसके साथ ही समारोह में अन्य नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ लेते हुए अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में विशेष रूप से हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीश सत्येंन वैद्य और मंडी जिला न्यायाधीश पारस डोगर उपस्थित रहे। शपथ ग्रहण के अवसर पर वक्ताओं ने बार और बेंच के बीच बेहतर समन्वय, अधिवक्ताओं के पेशेवर उत्थान तथा न्यायिक व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ बनाने पर बल दिया।

नई कार्यकारिणी ने अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा, अधिवक्ता भवन में आवश्यक सुविधाओं के विस्तार, प्रशिक्षण कार्यक्रमों के आयोजन तथा संगठन को मजबूत करने की दिशा में योजनाबद्ध कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी सदस्यों ने नई टीम को शुभकामनाएं दीं और उनके सफल कार्यकाल की कामना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story