नशामुक्त और स्वच्छ हिमाचल का संदेश देगी मनाली मैराथन, 100 किलोमीटर की दौड़ होगा मुख्य आकर्षण

WhatsApp Channel Join Now
नशामुक्त और स्वच्छ हिमाचल का संदेश देगी मनाली मैराथन, 100 किलोमीटर की दौड़ होगा मुख्य आकर्षण


शिमला, 23 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में युवाओं को नशे से दूर रखने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए मनाली मैराथन का चौथा संस्करण 30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को शिमला में इस आयोजन की टी-शर्ट का अनावरण किया। आयोजकों ने मुख्यमंत्री को मैराथन में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया है।

मनाली मैराथन एवं हिमालयन एक्सट्रीम स्पोर्ट्स एसोसिएशन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम की थीम ‘ग्रीन वॉरियर्स: यूथ इनिशिएटिव फॉर ए ड्रग फ्री, फिट एंड क्लीन हिमाचल’ रखी गई है। इसके तहत युवाओं को नशे से दूर रहने, फिटनेस अपनाने और हिमाचल को स्वच्छ रखने का संदेश दिया जाएगा।

मैराथन में 100 किलोमीटर की रोहतांग पास अल्ट्रा चैलेंज दौड़ सबसे लंबी श्रेणी होगी। इसके अलावा 42 किलोमीटर की फुल मैराथन, 21 किलोमीटर की हाफ मैराथन और 10 तथा 5 किलोमीटर की मास रन आयोजित की जाएंगी। आयोजन का उद्देश्य हिमाचल प्रदेश को ऊंचाई वाले साहसिक खेलों, इको-टूरिज्म और साहसिक पर्यटन के लिए विश्वस्तरीय गंतव्य के रूप में स्थापित करना है।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने विश्वास जताया कि मैराथन पर्यावरण संरक्षण, स्वस्थ जीवनशैली और नशामुक्त हिमाचल के निर्माण के प्रति लोगों को जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल को नशामुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। नशे के दुष्प्रभावों के बारे में लोगों को जागरूक करने और इस समस्या पर अंकुश लगाने के लिए ठोस प्रयास किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे जैसी सामाजिक बुराई को समाप्त करने के लिए जनभागीदारी जरूरी है। सरकार नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में आम लोगों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765563 Articles

Share this story