मेले से लौटते समय खाई में गिरा युवक, पुलिस ने किया रेस्क्यू

WhatsApp Channel Join Now
मेले से लौटते समय खाई में गिरा युवक, पुलिस ने किया रेस्क्यू


शिमला, 19 जुलाई (हि.स.)। शिमला जिले के जुब्बल क्षेत्र में शनिवार देर रात मेले से लौटते समय खाई में गिरे एक युवक को पुलिस और स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। युवक गहरी ढांक में झाड़ियों के बीच फंस गया था। समय पर राहत अभियान शुरू होने से उसकी जान बच गई।

पुलिस के अनुसार 18 जुलाई की रात कंट्रोल रूम 112 के माध्यम से सूचना मिली कि ओल्ड जुब्बल स्थित जयपीढ़ी माता मंदिर के पास एक व्यक्ति ढांक में फंसा हुआ है। सूचना मिलते ही जुब्बल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कठिन परिस्थितियों में रेस्क्यू अभियान चलाया और व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाला।

रेस्क्यू के दौरान पता चला कि गिरने से युवक को शरीर पर चोटें आई हैं। इसके बाद उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल जुब्बल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत ठीक पाई गई और उसे स्थानीय पंचायत प्रधान के सुपुर्द कर दिया गया।

पुलिस ने उसकी पहचान 34 वर्षीय इंद्र बखीरटा के रूप में की है, जो जुब्बल क्षेत्र का रहने वाला है। वह जिला स्तरीय रामपुरी मेले से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसका पैर फिसल गया और वह गहरी ढांक में गिरकर झाड़ियों में फंस गया। पुलिस का कहना है कि समय रहते रेस्क्यू अभियान चलने से बड़ा हादसा टल गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story