बहराल की कंपनी में दीवार गिरने से मजदूर घायल, प्रबंधन के खिलाफ मामला दर्ज

WhatsApp Channel Join Now

नाहन, 05 अप्रैल (हि.स.)। पांवटा साहिब क्षेत्र के बहराल स्थित एक कंपनी में दीवार गिरने से एक मजदूर घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए जेसी जुनेजा अस्पताल सुरजपुर में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पुलिस ने कंपनी मालिक और प्रबंधन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जेसी जुनेजा अस्पताल, सुरजपुर से पुलिस थाना पांवटा साहिब को सूचना मिली कि बहराल स्थित एक लेबोरेट कंपनी में दीवार गिरने से एक व्यक्ति घायल हो गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची, जहां घायल की पहचान सुभाष पंडित (पुत्र दुखा पंडित), निवासी गांव विष्णुपुर, वार्ड नंबर 1, जिला खगड़िया (बिहार) के रूप में हुई। पुलिस ने घायल की एमएलसी प्राप्त की।

मौके पर जांच के दौरान पाया गया कि कंपनी प्रबंधन द्वारा पहले से बनी जर्जर और कच्ची दीवार के ऊपर ही नई ईंट-सीमेंट की दीवार बनाई जा रही थी। इसी दौरान पुरानी दीवार एक तरफ से गिर गई, जिसकी चपेट में आकर मजदूर सुभाष पंडित घायल हो गया।

पुलिस ने लापरवाही बरतने के आरोप में कंपनी मालिक और प्रबंधन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आगामी जांच जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story