मधुमक्खियों के झुंड ने किया हमला, पति की मौत, पत्नी सहित दो घायल

WhatsApp Channel Join Now
मधुमक्खियों के झुंड ने किया हमला, पति की मौत, पत्नी सहित दो घायल


मधुमक्खियों के झुंड ने किया हमला, पति की मौत, पत्नी सहित दो घायल


शिमला, 3 अक्टूबर (हि.स.)। खेतों में काम के दौरान रंगड़ों (जंगली मधुमक्खियों) के झुंड के हमले से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी सहित दो महिलाएं घायल हो गईं। यह हादसा शिमला जिला के रामपुर तहसील की जुली पंचायत में घटित हुआ।

जानकारी के अनुसार बुधवार शाम करीब पांच बजे जुली गांव निवासी 48 वर्षीय कोक चंद पुत्र स्वर्गीय रघुदास अपनी पत्नी मीना देवी और गांव की ही संतू देवी के साथ खेतों में घास काटकर उसे पेड़ पर रख रहे थे। इसी दौरान पेड़ में बने रंगड़ों के छत्ते से अचानक बड़ी संख्या में रंगड़ निकलकर तीनों पर टूट पड़े। अचानक हुए हमले से तीनों किसी तरह जान बचाकर भागे, लेकिन रंगड़ों ने कई जगह काट लिया। परिजन घायलों को तुरंत उपचार के लिए एम.जी.एम.एस.सी. खनेरी अस्पताल ले गए।

अस्पताल में उपचार के दौरान कोक चंद की हालत गंभीर हो गई और देर रात उनकी मृत्यु हो गई। जबकि उनकी पत्नी मीना देवी और संतू देवी घायल हैं। पुलिस द्वारा शव का गहन निरीक्षण किया गया, जिसमें पाया गया कि मृतक के शरीर पर बाहरी चोट के निशान नहीं थे, लेकिन रंगड़ों के डंक के गहरे निशान, सूजन और शरीर पर नीले-लाल निशान पाए गए। चिकित्सकों ने पोस्टमार्टम के बाद स्पष्ट किया कि कोक चंद की मौत रंगड़ों के हमले के कारण हुई।

पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार हेतु सौंप दिया है। इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। ग्रामीणों का कहना है कि खेतों के आसपास अक्सर रंगड़ों के बड़े-बड़े छत्ते होते हैं, जिनसे लोगों को खतरा बना रहता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story