ममता मुख्यमंत्री नहीं, माफिया, जिहादियों और घुसपैठियों की कायदे आज़म : अनुराग सिंह ठाकुर
हमीरपुर, 24 अप्रैल (हि.स.)। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के तहत एंटली और हावड़ा उत्तर विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित विशाल जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी मुख्यमंत्री नहीं, बल्कि माफिया, जिहादियों और घुसपैठियों की कायदे आज़म के रूप में कार्य कर रही हैं। बंगाल की अस्मिता और संसाधनों की रक्षा के लिए टीएमसी सरकार का जाना और भाजपा सरकार का आना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि यह चुनाव बांग्ला स्वाभिमान, बांग्ला संस्कृति और बंगाल के अस्तित्व की रक्षा का चुनाव है। लंबे समय से बांग्लादेशी घुसपैठ एक गंभीर समस्या बनी हुई है। कांग्रेस, कम्युनिस्ट और टीएमसी पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि इन दलों ने योजनाबद्ध तरीके से घुसपैठ को बढ़ावा दिया, जिससे यह उनके लिए वोट बैंक बन गया।
राज्य सरकार पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार देने के बजाय भ्रष्टाचार और कट-मनी की राजनीति को बढ़ावा दिया गया, जिसके चलते कई मंत्री और नेता भ्रष्टाचार के मामलों में गिरफ्तार हुए हैं।
अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि पूर्व चुनावों में टीएमसी से जुड़े तत्वों द्वारा मतदान प्रक्रिया को प्रभावित किया जाता था, लेकिन इस बार भयमुक्त वातावरण में रिकॉर्ड मतदान हुआ है, जिससे बदलाव का संकेत स्पष्ट है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा बहुमत के साथ सरकार बनाने की ओर अग्रसर है। उन्होंने टीएमसी शासन को जंगलराज बताते हुए कहा कि राज्य में महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा व्यवस्था और रोजगार की स्थिति चिंताजनक है।
उन्होंने कहा कि राज्य में शिक्षा व्यवस्था पर भ्रष्टाचार और माफिया का प्रभाव बढ़ा है तथा आम जनता को बुनियादी सुविधाओं से वंचित रखा गया है। भाजपा को दिया गया प्रत्येक वोट कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करेगा और राज्य में शांति व विकास सुनिश्चित करेगा। महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि राज्य में महिलाओं के साथ हुए अत्याचारों को दबाया गया है और वास्तविक आंकड़े सामने नहीं आने दिए गए।
उन्होंने आश्वस्त किया कि भाजपा की सरकार बनने पर सभी वर्गों की महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित किया जाएगा। भाजपा ने महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान और समृद्धि देने का संकल्प दोहराया और कहा कि सरकार बनने पर गरीब महिलाओं को मुफ्त राशन सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा

