राष्ट्रीय मंच पर देवांशी का जलवा, स्वर्ण पदक जीतकर नेरचौक मेडिकल कॉलेज का बढ़ाया गौरव

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रीय मंच पर देवांशी का जलवा, स्वर्ण पदक जीतकर नेरचौक मेडिकल कॉलेज का बढ़ाया गौरव


मंडी, 04 जुलाई (हि.स.)। श्री लाल बहादुर शास्त्री राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय एवं अस्पताल एसएलबीएसजीएमसी एंड एच, नेरचौक की मेधावी एमबीबीएस अंतिम वर्ष की छात्रा देवांशी ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया है। देवांशी ने डॉ. आरपीजीएमसी एंड एच, टांडा में आयोजित प्रतिष्ठित मेड-एसेंट सम्मेलन में स्वर्ण पदक जीतकर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। 20 से 21 जून 2026 तक आयोजित इस सम्मेलन में देशभर के मेडिकल कॉलेजों के स्नातक छात्रों ने भाग लिया।

देवांशी ने क्लिनिकल केस प्रेजेंटेशन और रिसर्च पोस्टर प्रेजेंटेशन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। देवांशी की यह सफलता इसलिए भी खास है क्योंकि उन्होंने लगातार दूसरे वर्ष इस राष्ट्रीय सम्मेलन में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा और मेहनत का लोहा मनवाया है। पिछले वर्ष भी उन्होंने इसी सम्मेलन में क्लिनिकल केस प्रेजेंटेशन और रिसर्च क्वेश्चन प्रेजेंटेशन में स्वर्ण पदक हासिल किया था।

इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. राजेश कुमार ने अपने कार्यालय में देवांशी को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि देवांशी की यह उपलब्धि पूरे संस्थान के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी। इस अवसर पर सर्जरी विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. रणेश चौहान, कम्युनिटी मेडिसिन विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. घनश्याम वर्मा तथा डॉ. राकेश यादव सहित अन्य शिक्षक भी उपस्थित रहे। सभी ने देवांशी को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story