पर्यावरण संरक्षण के साथ रोजगार और आत्मनिर्भरता प्रदेश सरकार का लक्ष्य : चंद्रशेखर

WhatsApp Channel Join Now
पर्यावरण संरक्षण के साथ रोजगार और आत्मनिर्भरता प्रदेश सरकार का लक्ष्य : चंद्रशेखर


मंडी, 08 सितंबर (हि.स.)। प्रदेश सरकार द्वारा संचालित राजीव गांधी वन संवर्धन योजना मंडी जिला के धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण के साथ महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण रोजगार का प्रभावी माध्यम बन रही है। इसी कड़ी में विधायक चंद्रशेखर ने कमलाह एवं धर्मपुर वन वृत्त के अंतर्गत 20 महिला मंडलों द्वारा लगभग 250 बीघा वन क्षेत्र में पौधारोपण अभियान का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर विधायक चंद्रशेखर ने कहा कि प्रदेश सरकार की योजनाएं केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनका लाभ गांव, गरीब, किसान और महिलाओं तक पहुंचाया जा रहा है। राजीव गांधी वन संवर्धन योजना इसका प्रत्यक्ष उदाहरण है। योजना के माध्यम से स्थानीय समुदायों को वन संरक्षण से जोड़कर उन्हें रोजगार एवं आय के अवसर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष भी महिला मंडलों के माध्यम से लगभग 300 बीघा वन क्षेत्र में पौधारोपण करवाया गया था। पिछले वर्ष 27 क्लस्टरों में लगाए गए पौधों में से 60 प्रतिशत से अधिक पौधे सुरक्षित हैं। यह पौधारोपण अभियान की सफलता के साथ-साथ स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी को भी दर्शाता है। विधायक ने कहा कि इस वर्ष 20 महिला मंडलों की भागीदारी यह दर्शाती है कि धर्मपुर की महिलाएं पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ सरकारी योजनाओं को धरातल पर सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

चंद्रशेखर ने कहा कि राजीव गांधी वन संवर्धन योजना की प्रमुख विशेषता जनभागीदारी है। महिला मंडलों, युवक मंडलों और स्वयं सहायता समूहों को पौधारोपण एवं वन संरक्षण से जोड़कर पर्यावरण संरक्षण को ग्रामीण अर्थव्यवस्था और रोजगार से जोड़ा जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story