शिमला में महिला दिवस पर दौड़ीं महिलाएं और किशोरियां
शिमला, 08 मार्च (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर शिमला के बिशप कॉटन स्कूल के एथलेटिक्स स्टेडियम में रविवार को महिलाओं के लिए दौड़ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अधीन स्वायत्त संस्था मेरा युवा भारत शिमला ने फिट इंडिया, भारतीय खेल प्राधिकरण और हिमाचल प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा सेवा विभाग के सहयोग से किया।
इस पहल का उद्देश्य महिलाओं और युवतियों की खेलों में भागीदारी बढ़ाना, उन्हें शारीरिक रूप से फिट रहने के लिए प्रेरित करना और समाज में खेल संस्कृति को मजबूत बनाना है। महिला दिवस के मौके पर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किशोरियों और महिलाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर की दौड़ प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिताएं तीन आयु वर्गों में कराई गईं, जिनमें 13 वर्ष से कम आयु वर्ग, 13 से 18 वर्ष आयु वर्ग और 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग शामिल थे। खेल प्रतियोगिताओं के साथ प्रतिभागियों के लिए कुछ रचनात्मक और मनोरंजक गतिविधियां भी आयोजित की गईं, जिससे कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस उपाधीक्षक और स्टाफ ऑफिसर साउदर्न रेंज गीतांजली ठाकुर मौजूद रहीं। उन्होंने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाओं और युवतियों को खेलों में आगे आकर हिस्सा लेना चाहिए, क्योंकि खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं बल्कि आत्मविश्वास भी बढ़ाते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को फिट और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इस मौके पर बिशप कॉटन स्कूल के प्रधानाध्यापक मैथ्यू जॉन, प्रशासनिक अधिकारी परवीन धर्मा और खेल निदेशक गुरप्रीत सिंह भी मौजूद रहे। इसके अलावा युवा सेवाएं एवं खेल विभाग हिमाचल प्रदेश सरकार के जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी (मुख्यालय) अनुराग वर्मा ने भी कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में भाग लिया।
प्रतियोगिता के परिणामों में 13 वर्ष से कम आयु वर्ग की 100 मीटर दौड़ में आराध्या पहले, संस्कृति दूसरे और आवृति तीसरे स्थान पर रहीं। इसी वर्ग की 200 मीटर दौड़ में आराध्या पहले, निम्फ दूसरे और आरोही तीसरे स्थान पर रहीं, जबकि 400 मीटर दौड़ में निम्फ पहले, वृत्तका दूसरे और वानी तीसरे स्थान पर रहीं।
13 से 18 वर्ष आयु वर्ग की 100 मीटर दौड़ में नेहा ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि आराध्या दूसरे और अनन्या तीसरे स्थान पर रहीं। इसी वर्ग की 200 मीटर दौड़ में नेहा पहले, साक्षी दूसरे और वैष्णवी तीसरे स्थान पर रहीं। 400 मीटर दौड़ में साक्षी पहले, वैष्णवी दूसरे और आरती तीसरे स्थान पर रहीं।
18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की 100 मीटर दौड़ में शिवानी पहले, सुमन दूसरे और रितिका तीसरे स्थान पर रहीं। 200 मीटर दौड़ में सुमन ने पहला स्थान प्राप्त किया, शिवानी दूसरे और श्रुति तीसरे स्थान पर रहीं। वहीं 400 मीटर दौड़ में विपाशा पहले, उर्वशी दूसरे और रितिका तीसरे स्थान पर रहीं।
मेरा युवा भारत शिमला के उप निदेशक विपिन कुमार ने कहा कि इस तरह के आयोजन महिलाओं को खेलों से जोड़ने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

