महिला आयोग दिसंबर से जिलों में लगाएगा कोर्ट, कांगड़ा और चंबा से होगी शुरुआत

WhatsApp Channel Join Now


शिमला, 15 नवंबर (हि.स.)। महिलाओं को अपनी शिकायतों की सुनवाई के लिए अब बार-बार राजधानी शिमला नहीं आना पड़ेगा। हिमाचल प्रदेश राज्य महिला आयोग दिसंबर से जिला स्तर पर कोर्ट आयोजित करने जा रहा है। इस पहल के तहत आयोग की टीम अलग-अलग जिलों में पहुंचकर महिलाओं से जुड़ी शिकायतें सुनेगी। पहले चरण में कांगड़ा और चंबा जिलों में सुनवाई होगी। इसके बाद शिमला में भी महिला आयोग का कोर्ट लगाया जाएगा।

आयोग ने जिला स्तर पर सुनवाई की तैयारियां शुरू कर दी हैं। विधानसभा का शीतकालीन सत्र समाप्त होने के बाद कोर्ट लगाने की तारीखों और स्थानों का अंतिम कार्यक्रम जारी किया जाएगा। महिला आयोग की अध्यक्ष विद्या नेगी ने बताया कि दिसंबर में इस व्यवस्था को शुरू करने की योजना है। इसका उद्देश्य महिलाओं की शिकायतों का जल्द निपटारा करना और उन्हें न्याय के लिए लंबी दूरी तय करने से राहत देना है।

जिला स्तर पर आयोजित होने वाले महिला आयोग के कोर्ट में घरेलू हिंसा, महिलाओं के उत्पीड़न, पारिवारिक विवाद, भरण-पोषण और महिला अधिकारों से संबंधित शिकायतों की सुनवाई होगी। आयोग शिकायतकर्ता महिला के साथ मामले से जुड़े दूसरे पक्ष को भी बुलाएगा। दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद विवाद का समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। आयोग की प्राथमिकता आपसी बातचीत और सहमति के आधार पर मामलों को सुलझाने की रहेगी। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विभागों से भी जानकारी ली जाएगी।

गौरतलब है कि हिमाचल के कई जिले भौगोलिक रूप से दुर्गम हैं। ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाली महिलाओं के लिए शिकायतों की सुनवाई के लिए शिमला पहुंचना समय और खर्च के लिहाज से मुश्किल हो सकता है। कई मामलों में बार-बार राजधानी आने की जरूरत भी पड़ती है। जिला स्तर पर कोर्ट आयोजित होने से महिलाओं को अपने जिले में ही आयोग के सामने शिकायत रखने और सुनवाई का अवसर मिलेगा। कांगड़ा और चंबा से इसकी शुरुआत के बाद अन्य जिलों में भी इस व्यवस्था को आगे बढ़ाने की योजना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777314 Articles

Share this story