मांडव महोत्सव :भावी पीढ़ी को दी जाएगी सांस्कृतिक एवं धार्मिक महत्व की जानकारी : सुमन ठाकुर

WhatsApp Channel Join Now
मांडव महोत्सव :भावी पीढ़ी को दी जाएगी सांस्कृतिक एवं धार्मिक महत्व की जानकारी : सुमन ठाकुर


मंडी, 23 नवंबर (हि.स.)। मंडी नगर निगम की मेयर सुमन ठाकुर ने कहा कि मंगलवार 24 नवंबर को गुरूपर्व के अवसर पर मांडव उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यह महोत्सव नगर निगम द्वारा वर्ष 2024 से आयोजित किया जा रहा है। जिसमें स्थानीय लोगों और विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं का सहयोग नगर निगम मंडी को मिल रहा है। सुमन ठाकुर ने बताया कि मंगलवार सुबह राजदेवता माधोराय और बाबा भूतनाथ के मंदिरों में पूजा अर्चना के बाद माधाेराय के मंदिर से पड्डल स्थित मांडव शिला तक भव्य जलेब निकलेगी। जिसमें पारंपरिक वेशभूषा में महिला मंडल, स्कूली बच्चे और विभिन्न संस्थाअों के लोग शामिल होंगे।

उन्होंने बताया कि इस अवसर पर भावी पीढ़ी को अपनी संस्कृति के प्रति जागरूक करने और हवन यज्ञ का महत्व समझाने के लिए विद्वानों द्वारा जानकारी उपलब्ध करवाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि मांडव महोत्सव का उददेश्य आपसी मेलजोल बढ़ाने के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं धार्मिक विरासत के प्रति भावी पीढ़ी को जागरूक करना भी है।

उन्होंने कहा कि पड्डल मैदान में आयोजित होने वाले मेले का आयोजन जिला प्रशासन की ओर से किया जा रहा है। नगर निगम की उसमें बतौर सहयोगी की भूमिका है। मेले के दौरान होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों में नगर निगम प्रशासन का यहयोग कर रही है। जबकि मांडव उत्सव की जलेब और हवन प्रसाद का खर्च ही नगर निगम द्वारा वहन किया जा रहा है।

मेले में लोककलाकारों की उपेक्षा के सवाल पर सुमन ठाकुर ने कहा कि नगर निगम स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस बारे में स्थानीय संस्थाओं और कलाकारों की सूची तैयार कर उन्हें आमंत्रित किया जाएगा। सांस्कृतिक संध्याओं के व्यवसायीकरण को लेकर उन्होंने अनभिज्ञता जताते हुए कहा कि उन्हें इस बारे फिलहाल कोई जानकारी नहीं है। लेकिन उनका प्रयास रहेगा कि मंडी जनपद की सांस्कृतिक गरिमा को उचित स्थान दिया जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782079 Articles

Share this story