शिमला में एलपीजी की कमी नहीं, पैनिक बुकिंग से बचें उपभोक्ता : प्रशासन
शिमला, 12 अप्रैल (हि.स.)। मध्य-पूर्व एशिया में तनाव की वजह से एलपीजी सिलेंडर को लेकर उपभोक्ताओं में बढ़ रही चिंता के बीच जिला शिमला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। प्रशासन ने लोगों से घबराहट में एलपीजी रिफिल बुकिंग न करने की अपील की है, क्योंकि इससे कृत्रिम मांग बढ़ रही है और वितरण व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
जिला नियंत्रक, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग शिमला की ओर से रविवार को जारी एडवाइजरी में कहा गया है कि जिले में घरेलू एलपीजी की उपलब्धता मध्य-पूर्व संकट से पहले की तरह ही सामान्य बनी हुई है। इसके बावजूद बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं द्वारा पैनिक बुकिंग की जा रही है, जिससे अनावश्यक बैकलॉग की स्थिति पैदा हो रही है और वास्तविक जरूरत वाले उपभोक्ताओं तक समय पर सिलेंडर पहुंचाने में दिक्कत आ रही है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कुछ उपभोक्ता अपनी वास्तविक खपत के बजाय पात्रता के आधार पर अग्रिम बुकिंग कर रहे हैं, जिससे वितरण प्रणाली के संतुलन पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। ऐसे में उपभोक्ताओं से संयम बरतने और जरूरत के अनुसार ही बुकिंग करने का आग्रह किया गया है।
विभाग ने यह भी साफ किया है कि एलपीजी एजेंसियों के काउंटरों पर रिफिल सिलेंडरों का वितरण नहीं किया जाएगा। शहरी क्षेत्रों में सिलेंडर की आपूर्ति घर-घर डोरस्टेप डिलीवरी के माध्यम से की जा रही है, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में पहले से अधिसूचित रूट चार्ट और फोकल प्वाइंट डिलीवरी प्रणाली के तहत वितरण सुनिश्चित किया जा रहा है।
प्रशासन के अनुसार निर्देशों के बावजूद कुछ उपभोक्ता एजेंसी काउंटरों पर पहुंचकर तत्काल सिलेंडर जारी करने का दबाव बना रहे हैं, जो निर्धारित व्यवस्था के खिलाफ है। इससे एजेंसियों पर अनावश्यक दबाव के साथ-साथ कानून-व्यवस्था जैसी स्थिति भी बन सकती है।
जिला प्रशासन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे घबराहट में बुकिंग करने से बचें, अपनी वास्तविक आवश्यकता के अनुसार ही एलपीजी रिफिल बुक करें और सिलेंडर प्राप्त करने के लिए एजेंसी काउंटरों पर जाने के बजाय डोरस्टेप डिलीवरी या निर्धारित फोकल प्वाइंट पर वितरण की प्रतीक्षा करें।
प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जिले में एलपीजी की निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने के लिए स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और प्रत्येक उपभोक्ता तक समय पर गैस सिलेंडर पहुंचाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। साथ ही वितरण प्रणाली को सुचारू बनाए रखने के लिए आम जनता से सहयोग की अपेक्षा भी जताई गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

