ग्रामीण क्षेत्रों की सप्लाई प्रभावित न हो, ओवर-द-काउंटर सिलेंडर न लें : शिमला प्रशासन

WhatsApp Channel Join Now

शिमला, 04 अप्रैल (हि.स.)। शिमला जिला प्रशासन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे गैस एजेंसियों से सीधे ओवर-द-काउंटर एलपीजी सिलेंडर लेने से परहेज करें, ताकि सभी क्षेत्रों में गैस की समान और समय पर आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। प्रशासन का कहना है कि एजेंसियों से सीधे सिलेंडर लेने की बढ़ती प्रवृत्ति से वितरण व्यवस्था प्रभावित हो रही है, जिसका असर खासकर ग्रामीण और दूरदराज इलाकों पर पड़ रहा है।

जिला नियंत्रक खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले शिमला नरेंद्र धीमान ने बताया कि जिला प्रशासन ने पहले ही एलपीजी सिलेंडरों की समयबद्ध और बराबर आपूर्ति के लिए विशेष रूप से ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों को ध्यान में रखते हुए रूट चार्ट अधिसूचित किया हुआ है। इसके साथ ही एलपीजी (आपूर्ति एवं वितरण का विनियमन) आदेश, 2000 के तहत अतिरिक्त कुलियेज़ शुल्क भी तय किया गया है, ताकि तय प्रक्रिया के अनुसार ही सिलेंडर की सप्लाई हो सके।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में मध्य-पूर्व क्षेत्र में बनी परिस्थितियों के कारण वाणिज्यिक एलपीजी की आपूर्ति कुछ हद तक प्रभावित हुई है, लेकिन घरेलू एलपीजी की आपूर्ति सामान्य बनी हुई है। इसके बावजूद बड़ी संख्या में उपभोक्ता गैस एजेंसियों पर पहुंचकर सीधे सिलेंडर ले रहे हैं, जिससे एजेंसियों पर अनावश्यक भीड़ बढ़ रही है और तय वितरण व्यवस्था बाधित हो रही है।

प्रशासन के अनुसार ऐसी स्थिति में दूरदराज और ग्रामीण इलाकों में सिलेंडर की नियमित आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका रहती है। इसलिए जिला प्रशासन ने गैस एजेंसियों को निर्देश दिए हैं कि वे अधिसूचित रूट चार्ट और तय डिलीवरी प्रणाली के अनुसार ही सिलेंडरों का वितरण सुनिश्चित करें।

जिला प्रशासन ने आम लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि वे गैस एजेंसियों पर अनावश्यक भीड़ लगाने से बचें और निर्धारित व्यवस्था के अनुसार ही सिलेंडर प्राप्त करें। यदि किसी उपभोक्ता को किसी प्रकार की परेशानी होती है तो वे संबंधित गैस एजेंसी या खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story