सप्ताह में दो दिन आम लोगों के लिए खुलेगा लोकभवन, राज्यपाल की घोषणा

WhatsApp Channel Join Now
सप्ताह में दो दिन आम लोगों के लिए खुलेगा लोकभवन, राज्यपाल की घोषणा


सप्ताह में दो दिन आम लोगों के लिए खुलेगा लोकभवन, राज्यपाल की घोषणा


शिमला, 04 अप्रैल (हि.स.)। शिमला स्थित लोकभवन अब सप्ताह में दो दिन आम लोगों के लिए खोला जाएगा। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने यह घोषणा शनिवार को लोक भवन में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान की। इस अवसर पर राजस्थान, ओडिशा और बिहार का स्थापना दिवस एक भारत श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम के तहत उत्साह के साथ मनाया गया।

राज्यपाल ने कहा कि लोक भवन केवल सरकारी गतिविधियों तक सीमित नहीं रहना चाहिए बल्कि आम लोगों की भागीदारी और जुड़ाव का भी केंद्र बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि सप्ताह में दो दिन लोक भवन को आम नागरिकों के लिए खोलने का उद्देश्य यह है कि प्रदेश के लोग इस महत्वपूर्ण संस्थान को नजदीक से देख सकें और इसके साथ अपना संबंध महसूस करें।

कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने कहा कि भारत की ताकत उसकी विविधता में एकता है और “एक भारत श्रेष्ठ भारत” जैसी पहलें अलग-अलग राज्यों की संस्कृति, भाषा और परंपराओं को समझने का अवसर देती हैं। उन्होंने कहा कि राजस्थान, ओडिशा और बिहार जैसे राज्य अपनी प्राचीन सभ्यता, समृद्ध इतिहास और सांस्कृतिक विरासत के लिए देशभर में जाने जाते हैं। इन राज्यों के लोगों ने हिमाचल प्रदेश के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

इस अवसर पर कार्यक्रम में शामिल राजस्थान, ओडिशा और बिहार से जुड़े सरकारी कर्मचारियों ने हिमाचल प्रदेश में रहने और काम करने के अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि प्रदेश में उन्हें अपनापन और सहयोग का वातावरण मिला, जो राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करता है।

कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने अतिथियों को हिमाचली परंपरा के अनुसार टोपी और शॉल भेंट कर सम्मानित भी किया। इस मौके पर राज्यपाल के सचिव संदीप भारद्वाज सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सांस्कृतिक एकता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story