शिमला के लोकभवन में विभिन्न राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के स्थापना दिवस समारोह का आयोजन
शिमला, 31 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में रह रहे देश के अलग-अलग राज्यों के लोगों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का साझा मंच मिला। शिमला स्थित लोक भवन में शनिवार को विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें 17 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में राज्यपाल के सचिव संदीप भारद्वाज मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों से आकर हिमाचल प्रदेश में रह रहे लोगों से संवाद किया और उनकी सांस्कृतिक पहचान, भाषाओं तथा परंपराओं के महत्व पर चर्चा की।
कार्यक्रम में दिल्ली, झारखंड, पंजाब, अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह, आंध्र प्रदेश, केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, छत्तीसगढ़, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, लक्षद्वीप, पुडुचेरी, लद्दाख और चंडीगढ़ के प्रतिनिधि शामिल हुए। संदीप भारद्वाज ने कहा कि राज्यपाल के निर्देशानुसार लोक भवन में विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के स्थापना दिवस मनाने की पहल की गई है। इसका उद्देश्य 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' की भावना को मजबूत करना है। इस मंच के माध्यम से अलग-अलग क्षेत्रों के लोग एक साथ आकर अपनी सांस्कृतिक विरासत, भाषा, परंपराओं और जीवनशैली को साझा कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि भारत की विशेषता उसकी विविधता में एकता है। अलग-अलग भाषा, रहन-सहन और परंपराओं के बावजूद देश के लोगों के बीच आपसी समझ और एकता की भावना मजबूत है। ऐसे आयोजन विभिन्न समुदायों के बीच संवाद, सौहार्द और आपसी सहयोग को बढ़ावा देते हैं। इससे हिमाचल प्रदेश में रह रहे दूसरे राज्यों के लोगों को अपनी संस्कृति से जुड़े रहने के साथ अन्य क्षेत्रों की परंपराओं को जानने और समझने का अवसर मिलता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

