अंतिम भारतीय गांव छितकुल के स्थानीय प्रशासन का अध्ययन करेंगे एसपीयू के छात्र

WhatsApp Channel Join Now
अंतिम भारतीय गांव छितकुल के स्थानीय प्रशासन का अध्ययन करेंगे एसपीयू के छात्र


मंडी, 28 अप्रैल (हि.स.)। लोक प्रशासन विभाग सरदार पटेल विश्वविद्यालय एसपीयू, मंडी के 17 विद्यार्थियों का एक दल एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक भ्रमण के लिए रवाना हुआ। 28 अप्रैल 2026 से 30 अप्रैल 2026 तक चलने वाले इस तीन दिवसीय भ्रमण का मुख्य उद्देश्य भारत-तिब्बत सीमा पर स्थित अंतिम भारतीय गाँव छितकुल के स्थानीय प्रशासन एवं किन्नौर की समृद्ध देव संस्कृति का गहन अध्ययन करना है। इस विशेष अवसर पर सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी के कुलपति, आचार्य डॉ. ललित कुमार अवस्थी ने दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और अपना आशीर्वाद दिया। कुलपति महोदय ने शैक्षणिक दल के संयोजकों डॉ. रामपाल विभागाध्यक्ष, लोक प्रशासन विभाग एवं डॉ. दुष्मा ठाकुर, सहायक आचार्या- सहित सभी विद्यार्थियों को इस यात्रा के लिए हार्दिक बधाई दी।

उन्होंने कहा कि इस तरह के भ्रमण से विद्यार्थियों को किताबों से बाहर निकलकर व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त करने का अवसर मिलता है। डॉ. रामपाल विभागाध्यक्ष, ने इस अवसर पर कहा कि कुलपति महोदय का मार्गदर्शन और प्रोत्साहन अकादमिक समुदाय को निरंतर प्रेरित करता रहता है। उनका यह समर्थन अनुभवात्मक शिक्षा और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इस तीन दिवसीय शैक्षणिक यात्रा के दौरान विद्यार्थी प्रशासनिक व्यवस्था, स्थानीय शासन प्रणाली, जनजातीय संस्कृति एवं क्षेत्रीय विकास योजनाओं की व्यवहारिक जानकारी प्राप्त करेंगे।

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार विद्यार्थी सांगला एवं छितकुल के पंचायती राज संस्थानों का भ्रमण करेंगे, जहां वे स्थानीय प्रशासन की जमीनी कार्यप्रणाली को समझेंगे। दल द्वारा मिनी सचिवालय का भी दौरा किया जाएगा, जहाँ विभिन्न सरकारी विभागों के कामकाज और जन-कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को करीब से देखने का मौका मिलेगा। विभाग को पूर्ण विश्वास है कि यह तीन दिवसीय यात्रा विद्यार्थियों के शैक्षणिक दृष्टिकोण को नया आयाम देगी और उनके लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी सिद्ध होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story