लोक जनशक्ति पार्टी हिमाचल की सभी 68 विधानसभा सीटों पर उतारेगी प्रत्याशी : विधुरी

WhatsApp Channel Join Now
लोक जनशक्ति पार्टी हिमाचल की सभी 68 विधानसभा सीटों पर उतारेगी प्रत्याशी : विधुरी


नाहन, 08 अक्टूबर (हि.स.)। लोक जनशक्ति पार्टी हिमाचल प्रदेश की सभी 68 विधानसभा सीटों पर अपना प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने की दिशा में काम करेगी। पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश में संगठन को मजबूत करते हुए नए विजन के साथ आगे बढ़ेगी। यह बात लोक जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव वीरेंद्र व प्रभारी हिमाचल विधुरी ने नाहन में पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री स्व. रामविलास पासवान की पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कही।

विधुरी ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश की वर्तमान स्थिति किसी से छिपी नहीं है। प्रदेश के प्रवेश द्वार कालाअम्ब से नाहन तक सड़क की हालत दयनीय बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों की स्थिति लगातार चिंताजनक होती जा रही है। उन्होंने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी हिमाचल में नए विजन के साथ काम करेगी और आम जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाएगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास कार्यों की गति संतोषजनक नहीं है। खेल क्षेत्र का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि हिमाचल में खिलाड़ियों के लिए स्पष्ट एवं प्रभावी खेल नीति का अभाव है, जिसके कारण प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ी खुद को असहाय महसूस कर रहे हैं। पार्टी सत्ता में आने पर खेल, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में ठोस नीतियां बनाने पर जोर देगी।

विधुरी ने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी के तत्कालीन विधायक स्व. सदानंद चौहान के कार्यकाल में नाहन के लिए स्टील प्लांट लाने की पहल की गई थी। उन्होंने कहा कि उस समय की सरकार ने इस प्लांट को नाहन के बजाय कांगड़ा भेज दिया। यदि यह स्टील प्लांट नाहन में स्थापित होता तो क्षेत्र के हजारों युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकते थे और नाहन में बेरोजगारी की समस्या काफी हद तक कम हो सकती थी।

प्रेस वार्ता के दौरान लोक जनशक्ति पार्टी हिमाचल के प्रदेश अध्यक्ष नितिन चौहान ने कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उसके लिए आभारी हैं। उन्होंने कहा कि वह अपने पिता एवं पार्टी के पूर्व विधायक स्व. सदानंद चौहान के सपनों को साकार करने के लिए नाहन सहित पूरे प्रदेश में लोक जनशक्ति पार्टी के संगठन को मजबूत करने के लिए कार्य करेंगे।

इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्व. रामविलास पासवान की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यकर्ताओं ने उनके योगदान को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस दौरान प्रसाद भी वितरित किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story