अपडेट : फार्मा कंपनी की लिफ्ट टूटने से युवक की मौत, भड़के ग्रामीणों का कंपनी के बाहर हंगामा

WhatsApp Channel Join Now

नाहन, 18 अप्रैल (हि.स.)। सिरमौर के औद्योगिक क्षेत्र शंभूवाला में स्थित सनवेट हेल्थ केयर फार्मा कंपनी में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक हादसा पेश आया। कंपनी की लिफ्ट की तार अचानक टूटने से 29 वर्षीय एक युवक की मौत हो गई। इस घटना के बाद शनिवार को मृतक के परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने कंपनी के मुख्य द्वार पर जोरदार हंगामा शुरू कर दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात कंपनी में कामकाज के दौरान लिफ्ट सामान लेकर ऊपर की मंजिल की ओर जा रही थी। इसी बीच लिफ्ट की लोहे की तार अचानक टूट गई और लिफ्ट सीधे नीचे जा गिरी। हादसे के वक्त लिफ्ट के साथ मौजूद युवक टीका राम (29) पुत्र रूप सिंह, निवासी रुखड़ी, जिला सिरमौर, गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत नाहन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

शनिवार सुबह जैसे ही हादसे की खबर रुखड़ी और आसपास के गांवों में फैली, भारी संख्या में ग्रामीण कंपनी परिसर के बाहर एकत्र हो गए। ग्रामीणों का आरोप है कि इतनी बड़ी घटना होने के बावजूद कंपनी का कोई भी उच्च अधिकारी या मालिक मौके पर नहीं पहुंचा। प्रबंधन के इस अमानवीय रवैये और सुरक्षा मानकों में बरती गई कथित लापरवाही से गुस्साए ग्रामीणों ने कंपनी के गेट पर धरना प्रदर्शन और नारेबाजी शुरू कर दी है। मौके पर स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है, जिसे देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

एसपी सिरमौर निश्चिंत सिंह नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने घटना के संबंध में कंपनी प्रबंधन के खिलाफ आईपीसी की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि लिफ्ट की मेंटेनेंस में कहां चूक हुई। मृतक का शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जा रहा है।

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों और परिजनों की मांग है कि पीड़ित परिवार को तुरंत उचित मुआवजा दिया जाए और लापरवाही के जिम्मेदार लोगों को गिरफ्तार किया जाए। उनका कहना है कि जब तक प्रबंधन का कोई जिम्मेदार व्यक्ति मौके पर आकर बात नहीं करता, वे अपना विरोध प्रदर्शन जारी रखेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story