युवा साथी विकसित भारत यात्रा के सारथी : अनुराग सिंह ठाकुर

WhatsApp Channel Join Now

हमीरपुर, 30 अप्रैल (हि.स.)। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण के साथ दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित सत्यवती कॉलेज के वार्षिकोत्सव समारोह में प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया तथा उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में हिमाचल के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत मनमोहक नाटी ने पूरे सभागार को उत्साह से भर दिया।

अनुराग सिंह ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि भारत वर्तमान समय में एक स्वर्णिम युग से गुजर रहा है और देश का युवा वर्ग उभरते भारत की स्वर्णिम पीढ़ी है। उन्होंने कहा कि आज भारत अवसरों और संसाधनों से परिपूर्ण नए युग में प्रवेश कर चुका है तथा युवाओं की जिम्मेदारी है कि वे अपने कर्तव्यों को समझते हुए वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत के सपने को साकार करने की सबसे बड़ी जिम्मेदारी युवाओं के कंधों पर है। युवाओं से आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि वे अपने ज्ञान, नेतृत्व क्षमता और संसाधनों को राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित करने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास कार्यों को नई गति मिली है और करोड़ों लोगों के भीतर भारत के परिवर्तन से जुड़ने की नई चेतना जागृत हुई है।

अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि विद्यार्थी जीवन में अनुशासन अत्यंत आवश्यक है और यही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। जब कोई व्यक्ति अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित करता है तो अनुशासन ही उसे लक्ष्य तक पहुंचाने में सहायक बनता है। उन्होंने विद्यार्थियों से विद्यालय में बिताए समय का सदुपयोग करने तथा विकास के प्रत्येक अवसर का लाभ उठाने का आग्रह किया।

उन्होंने विद्यार्थियों को उत्कृष्टता के लिए निरंतर प्रयास करने, संस्थान के मूल्यों को बनाए रखने तथा हर गतिविधि में उत्साहपूर्वक भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक प्रत्येक विद्यार्थी की प्रतिभा को निखारने के लिए निरंतर परिश्रम करते हैं और सभी को मिलकर अपने संस्थान को गौरव, ज्ञान एवं नवाचार का केंद्र बनाने की दिशा में कार्य करना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा

Share this story