सेहरा बांध पिता ने दी बेटे को विदाई, ओमान हमले में बलिदान हुए आदित्य का पैतृक गांव में हुआ अंतिम संस्कार

WhatsApp Channel Join Now
सेहरा बांध पिता ने दी बेटे को विदाई, ओमान हमले में बलिदान हुए आदित्य का पैतृक गांव में हुआ अंतिम संस्कार


हमीरपुर, 18 जून (हि.स.)। आंखें नम थीं, सैकड़ों की भीड़ मौन थी और माहौल गमगीन। लेकिन सबसे मार्मिक क्षण वह था, जब पिता राजेश शर्मा ने अपने बेटे आदित्य की पार्थिव देह पर सेहरा बांधा। जिस सपने को वह अपने बेटे के विवाह के अवसर पर देखना चाहते थे, वह आज उसकी चिता के सामने पूरा हुआ। अमेरिकी मिसाइल हमले में ओमान तट पर बलिदान हुए आदित्य शर्मा का गुरुवार को उनके पैतृक गांव में अंतिम संस्कार किया गया।

आदित्य का शव बुधवार को हमीरपुर पहुंचा, जहां मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम के बाद उसे अंतिम यात्रा के लिए निकाला गया। जैसे ही उसकी डेड बॉडी गांव पहुंची, परिजन बेहाल हो गए। भावुक दृश्य था, जब पिता राजेश शर्मा ने स्वयं बेटे को कंधा दिया और आंसुओं से लबरेज स्वर में कहा, मेरा बेटा चला गया, अब वापस नहीं आएगा, लेकिन उसके साथ जो हुआ, वह दोबारा किसी और के साथ न हो, यह सुनिश्चित किया जाए।

इस दुखद घड़ी में प्रशासन भी पूरी तरह संवेदनशील दिखा। जिलाधीश गंधर्वा राठौर अंतिम संस्कार में शामिल हुए और परिवार को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा, अगर परिवार इस मामले में जांच या कोई अन्य जानकारी चाहता है, तो उनकी बात विदेश मंत्रालय तक पहुंचाई जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा

Share this story