शिमला के ठियोग में चलती कार पर गिरे पत्थर, एक व्यक्ति की मौत

WhatsApp Channel Join Now
शिमला के ठियोग में चलती कार पर गिरे पत्थर, एक व्यक्ति की मौत


शिमला, 18 नवंबर (हि.स.)। शिमला जिले के ठियोग क्षेत्र में पहाड़ से गिरे पत्थरों की चपेट में एक कार आ गई। हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान शिमला के कोटखाई निवासी संदेश पुत्र महेंद्र सिंह के रूप में हुई है। पत्थरों की चपेट में आने से उनके सिर और पीठ पर गंभीर चोटें आई थीं।

हादसा बुधवार को छैला के अंतर्गत चेउ नाला में शरमला के समीप हुआ। जानकारी के अनुसार कार नंबर HP09B-1150 में दो व्यक्ति सवार थे। इनमें से एक व्यक्ति हादसे वाली जगह से पहले ही उतर गया था। इसी दौरान पहाड़ से अचानक भारी पत्थर गिरे और कार उनकी चपेट में आ गई। कार में मौजूद संदेश को गंभीर चोटें आईं, जिनके कारण उनकी मौत हो गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शरमला-खलान्टू सड़क मार्ग पर निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण कार्य के दौरान की गई ब्लास्टिंग के कारण पहाड़ से पत्थर गिरने की आशंका है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि भूस्खलन की वजह क्या रही और क्या इसका संबंध निर्माण कार्य के दौरान हुई ब्लास्टिंग से है।

ठियोग पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार की भूमिका की भी जांच कर रही है। जांच में ब्लास्टिंग और निर्माण स्थल पर अपनाए गए सुरक्षा इंतजामों से जुड़े पहलुओं को देखा जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779426 Articles

Share this story