भूस्खलन से पांवटा साहिब-सतौन-रेणुका मार्ग क्षतिग्रस्त, ग्रामीणों ने खुद संभाला मोर्चा

WhatsApp Channel Join Now

नाहन, 06 अगस्त (हि.स.)। सिरमौर जिले में पांवटा साहिब से सतौन और रेणुका को जोड़ने वाले प्रमुख मार्ग पर अम्बोन के पास हुए भारी भूस्खलन से सड़क बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। कई स्थानों पर सड़क पूरी तरह टूट गई है, जिसके कारण इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई। गुरुवार सुबह लोगों को आवाजाही में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह फैक्ट्रियों में काम पर जाने वाले कर्मचारियों, स्कूल जाने वाले बच्चों और आसपास के गांवों के लोगों को सबसे अधिक दिक्कत हुई। उनका कहना है कि समय पर राहत और मरम्मत का काम शुरू नहीं होने पर ग्रामीण खुद फावड़े और बेलचे लेकर सड़क साफ करने और अस्थायी रूप से रास्ता बहाल करने में जुट गए। लोगों ने अपने स्तर पर मलबा हटाने का प्रयास किया, जिससे छोटे और बड़े वाहनों की आवाजाही किसी तरह शुरू हो सके।

ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि बरसात के मौसम में इस सड़क पर हर साल भूस्खलन होता है और लोगों को इसी तरह की परेशानी झेलनी पड़ती है, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में अब तक प्रभावी कदम नहीं उठाए गए हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह क्षेत्र उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान के विधानसभा क्षेत्र में आता है। उनका आरोप है कि यदि इस क्षेत्र की प्रमुख सड़क की यह स्थिति है, तो अन्य इलाकों की हालत का अनुमान लगाया जा सकता है। ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से सड़क को जल्द स्थायी रूप से बहाल करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने भूस्खलन संभावित स्थानों पर सुरक्षा और रोकथाम के स्थायी उपाय करने की भी मांग उठाई है। उनका कहना है कि हर वर्ष समस्या दोहराई जाती है, लेकिन इसका स्थायी समाधान अब तक नहीं हो सका है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story