झलोगी और हनोगी में पहाड़ दरका, चंडीगढ़-मनाली हाईवे पर थमा यातायात

WhatsApp Channel Join Now
झलोगी और हनोगी में पहाड़ दरका, चंडीगढ़-मनाली हाईवे पर थमा यातायात


मंडी, 11 अगस्त (हि.स.)। लगातार हो रही बारिश के बीच मंगलवार को चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग -21पर झलोगी और हनोगी के पास हुए भूस्खलन से यातायात कई घंटे तक प्रभावित रहा। दोनों स्थानों पर पहाड़ी से मलबा और बड़े-बड़े पत्थर सड़क पर आ गिरने से मार्ग बंद हो गया। झलोगी के पास सुबह ही अचानक भूस्खलन हुआ। देखते ही देखते सड़क पर भारी मात्रा में मलबा और बड़े पत्थर जमा हो गए, जिससे दोनों ओर वाहनों की आवाजाही रोकनी पड़ी। मार्ग को खोलने के लिए कंपनी की मशीनरी मौके पर लगाई गई और करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद सड़क को यातायात के लिए बहाल किया गया।

थाना औट में तैनात अतिरिक्त प्रभारी भूपेंद्र पाल ने बताया कि भूस्खलन के बाद एहतियातन यातायात रोक दिया गया था। उन्होंने वाहन चालकों और यात्रियों से बरसात के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मौसम खराब होने पर जरूरी न हो तो सफर करने से बचना बेहतर है। इसी बीच हनोगी के पास भी पहाड़ी से मलबा और पत्थर सड़क पर आने के कारण मार्ग बंद हो गया। लोक निर्माण विभाग ने मौके पर पहुंचकर सड़क बहाली का कार्य शुरू किया। इसके बाद एक तरफ से यातायात चालू कर दिया गया, जबकि दोपहर बाद दोनों तरफ से वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बहाल कर दी गई। लोक निर्माण विभाग के एसडीओ प्रवीण तलवार ने इसकी जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि विभाग की टीम ने मौके पर तेजी से कार्य करते हुए मार्ग को यातायात के लिए खोल दिया। राहत की बात यह रही कि झलोगी और हनोगी दोनों स्थानों पर हुए भूस्खलन में किसी व्यक्ति या पशु के नुक्सान की सूचना नहीं है। बरसात के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार भूस्खलन का खतरा बना हुआ है, ऐसे में हाईवे पर सफर करने वाले लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story