राजकीय महाविद्यालय कोटली में पुस्तकालयाध्यक्ष दिवस के उपलक्ष्य में पुस्तक प्रदर्शनी

WhatsApp Channel Join Now
राजकीय महाविद्यालय कोटली में पुस्तकालयाध्यक्ष दिवस के उपलक्ष्य में पुस्तक प्रदर्शनी


मंडी, 12 अगस्त (हि.स.)। नेशनल डिजिटल लाइब्रेरी क्लब, राजकीय महाविद्यालय कोटली के सौजन्य से पुस्तकालयाध्यक्ष दिवस के उपलक्ष्य में राजकीय महाविद्यालय कोटली में हिमाचल के इतिहास एवं संस्कृति विषय पर पुस्तक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या देविका वैद्य द्वारा किया गया। तत्पश्चात् भारत में पुस्तकालय विज्ञान के जनक डॉ. एस. आर. रंगनाथन की जयंती के अवसर पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की गई।

इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। उन्होंने प्रदर्शित पुस्तकों का अवलोकन किया तथा हिमाचल प्रदेश के इतिहास, संस्कृति एवं विरासत से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त की। प्रदर्शनी में प्रदर्शित अधिकांश पुस्तकें राजकीय महाविद्यालय मंडी से इंटर-लाइब्रेरी लोन के माध्यम से उपलब्ध करवाई गई, ताकि इस महाविद्यालय के विद्यार्थी भी इन पुस्तकों का अवलोकन कर लाभ उठा सकें। इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में पठन-पाठन की रुचि विकसित करने के साथ-साथ उन्हें हिमाचल प्रदेश के समृद्ध इतिहास, संस्कृति एवं विरासत से परिचित करवाना रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story