धर्मपुर को प्रमुख हल्दी उत्पादक क्षेत्र के रूप में किया जाएगा विकसित :चंद्रशेखर

WhatsApp Channel Join Now
धर्मपुर को प्रमुख हल्दी उत्पादक क्षेत्र के रूप में किया जाएगा विकसित :चंद्रशेखर


मंडी, 29 सितंबर (हि.स.)। कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण, विकास खंड धर्मपुर की ओर से मंगलवार को नैना माता मंदिर, त्रयंबला में एक दिवसीय किसान गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें विकास खंड धर्मपुर के लगभग 154 किसानों ने भाग लिया। धर्मपुर के विधायक चंद्रशेखर ने बतौर मुख्य अतिथि किसानों को संबोधित करते हुए क्षेत्र में हल्दी की खेती और उत्पादन को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया। चंद्रशेखर ने कहा कि धर्मपुर की मिट्टी और जलवायु हल्दी की खेती के लिए अनुकूल है। किसानों और संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों से धर्मपुर को प्रमुख हल्दी उत्पादक क्षेत्र के रूप में विकसित किया जा सकता है।

उन्होंने किसानों से हल्दी की वैज्ञानिक एवं उन्नत तकनीकों को अपनाने तथा सरकार की विभिन्न अनुदान एवं प्रोत्साहन योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हल्दी उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए किसानों को आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन और विभागीय सहयोग उपलब्ध करवाने के प्रयास किए जाएंगे।

उन्होंने किसानों को समितियों का गठन कर डेयरी फार्मिंग एवं दूध उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही, अदरक की खेती को प्रोत्साहित करने तथा देसी दालों और स्थानीय सब्जियों के बीजों के संरक्षण एवं उत्पादन पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि स्थानीय संसाधनों और पारंपरिक कृषि ज्ञान को आधुनिक तकनीकों से जोड़कर किसानों की आय बढ़ाई जा सकती है। परियोजना निदेशक आत्मा, मंडी डॉ. राकेश पटियाल ने किसानों को प्राकृतिक खेती के लाभों और इसकी तकनीकों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती से मिट्टी की गुणवत्ता बनाए रखने के साथ कृषि को अधिक टिकाऊ बनाने में मदद मिलती है। कृषि, उद्यान एवं पशुपालन विभाग के अधिकारियों ने भी किसानों को विभिन्न योजनाओं, अनुदान और विभागीय सुविधाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर उपस्थित सभी किसानों को धनिया, मेथी, पालक के बीज भी आबंटित किए गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story