10 अगस्त को जेल भरो आंदोलन करेगी हिमाचल किसान सभा

WhatsApp Channel Join Now

नाहन, 01 अगस्त (हि.स.)। किसानों की विभिन्न मांगों, किसान आंदोलन के दौरान केंद्र सरकार की ओर से किए गए वादों को पूरा नहीं किए जाने और विदेशों के साथ किए जा रहे फ्री ट्रेड समझौतों के विरोध में हिमाचल किसान सभा ने 10 अगस्त को प्रदेशभर में जेल भरो आंदोलन करने का ऐलान किया है। इस आंदोलन में बड़ी संख्या में किसान और मजदूर भाग लेंगे।

इसी आंदोलन की तैयारियों को लेकर शनिवार को नाहन में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में 10 अगस्त के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए रणनीति तैयार की गई और संगठन के पदाधिकारियों व सदस्यों से सुझाव भी लिए गए।

बैठक की अध्यक्षता सीटू के महासचिव राजेंद्र ठाकुर ने की। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अधिवेशन में लिए गए निर्णय के अनुसार 10 अगस्त को हिमाचल किसान सभा और विभिन्न मजदूर संगठन जिला मुख्यालय नाहन में प्रदर्शन करेंगे। इसके बाद जेल भरो आंदोलन के तहत अपनी गिरफ्तारी भी देंगे।

राजेंद्र ठाकुर ने कहा कि आंदोलन के दौरान केंद्र सरकार की किसान विरोधी नीतियों, किसान आंदोलन के समय किए गए वादों को लागू नहीं करने और फ्री ट्रेड समझौतों के विरोध में आवाज उठाई जाएगी। उन्होंने कहा कि आज की बैठक का उद्देश्य आंदोलन की रूपरेखा तय करना और अधिक से अधिक किसानों तथा मजदूरों की भागीदारी सुनिश्चित करना है।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि किसान और मजदूरों से जुड़े मुद्दों को लेकर व्यापक जनसंपर्क अभियान भी चलाया जाएगा, ताकि 10 अगस्त के कार्यक्रम को सफल बनाया जा सके। संगठन ने किसानों और मजदूरों से आंदोलन में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story