जयराम ठाकुर से मिले नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्य खुशविक्रम सेन

WhatsApp Channel Join Now
जयराम ठाकुर से मिले नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्य खुशविक्रम सेन


शिमला, 11 जून (हि.स.)। शिमला जिला परिषद के चमियाणा वार्ड से निर्वाचित सदस्य खुश विक्रम सेन ने गुरुवार को नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से मुलाकात की। जिला परिषद चुनाव में बड़ी जीत दर्ज करने के बाद खुश विक्रम सेन भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ जयराम ठाकुर के आवास पहुंचे। इस मुलाकात को राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि चमियाणा वार्ड में भाजपा को लंबे समय बाद बड़ी सफलता मिली है।

खुश विक्रम सेन ने हाल ही में हुए जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार को बड़े अंतर से पराजित किया था। इसके बाद उनकी जीत को कसुम्पटी क्षेत्र की राजनीति में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस जीत से क्षेत्र में भाजपा को नई ऊर्जा मिली है और आने वाले विधानसभा चुनावों के लिए भी यह परिणाम महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

मुलाकात के दौरान खुश विक्रम सेन ने मीडिया से बातचीत में कहा कि लोकतंत्र में अंतिम फैसला जनता का होता है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र आम लोगों से बनता है और आम लोगों के लिए ही काम करता है। उन्होंने बताया कि वह अपनी जीत को पार्टी नेतृत्व और कार्यकर्ताओं को समर्पित करने के लिए जयराम ठाकुर से मिलने पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव में क्षेत्र की जनता ने उन पर भरोसा जताया है और वह लोगों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।

वहीं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने खुश विक्रम सेन की जीत पर उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह सिर्फ एक चुनावी जीत नहीं, बल्कि प्रदेश सरकार के लिए भी एक राजनीतिक संदेश है। उन्होंने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों में जनता ने कई स्थानों पर भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को जीत दिलाई है और कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों को हार का सामना करना पड़ा है।

जयराम ठाकुर ने दावा किया कि जिन क्षेत्रों को कांग्रेस का मजबूत गढ़ माना जाता रहा है, वहां भी कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्रों में भी कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों को पराजय मिली है। साथ ही उन्होंने कहा कि पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह के विधानसभा क्षेत्र से भाजपा समर्थित युवा उम्मीदवार खुश विक्रम सेन की बड़ी जीत विशेष महत्व रखती है और इसे जनता के स्पष्ट संदेश के रूप में देखा जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि स्थानीय चुनावों के नतीजों ने यह दिखाया है कि जनता विकास और जनहित के मुद्दों पर फैसला कर रही है। जयराम ठाकुर के अनुसार चमियाणा वार्ड में मिली यह जीत भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए उत्साह बढ़ाने वाली है और आने वाले समय में पार्टी को इसका राजनीतिक लाभ मिल सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story