खेलो हिमाचल-चिट्टा मुक्त अभियान के तहत मंडी में होंगे आठ खेलों के मुकाबले

WhatsApp Channel Join Now
खेलो हिमाचल-चिट्टा मुक्त अभियान के तहत मंडी में होंगे आठ खेलों के मुकाबले


मंडी, 09 नवंबर (हि.स.)। खेलो हिमाचल-चिट्टा मुक्त अभियान के सफल आयोजन को लेकर उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन की अध्यक्षता में सोमवार को उपायुक्त कार्यालय के वीसी कक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त ने कहा कि प्रदेश सरकार के युवा सेवाएं एवं खेल विभाग द्वारा खेल अपनाओ-नशा भगाओ थीम के तहत युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक खेल गतिविधियों में लगाकर उन्हें नशे से दूर रखना तथा हिमाचल प्रदेश को चिट्टा मुक्त बनाना है।

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत 15 से 30 वर्ष आयु वर्ग के महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों के लिए आठ खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें क्रिकेट, वॉलीबॉल, कबड्डी, एथलेटिक्स, कुश्ती, हॉकी, रस्साकशी और बैडमिंटन शामिल हैं। उपायुक्त ने सभी उपमंडलाधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में आगामी पांच दिनों के भीतर बैठकें आयोजित कर गेम्स मैनेजमेंट सिस्टम जीएमएस पोर्टल के माध्यम से खिलाड़ियों एवं टीमों का ऑनलाइन पंजीकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान के तहत पंजीकरण पूरी तरह निःशुल्क रहेगा।

उन्होंने कहा कि सभी उपमंडलों में 15 दिसंबर तक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन करवाया जाए। ब्लॉक एवं उपमंडल स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं के बाद चयनित खिलाड़ियों के लिए जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। जिला स्तरीय प्रतियोगिता मंडी के पड्डल मैदान में होगी। उपायुक्त ने प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के लिए संबंधित खेल संघों के सहयोग से योग्य रेफरी एवं अंपायर नियुक्त करने तथा तकनीकी समितियों को सक्रिय करने पर भी बल दिया।

उन्होंने सभी संबंधित विभागों एवं उपमंडल स्तरीय समितियों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल खेल प्रतियोगिताओं तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने, उनमें खेल भावना विकसित करने और स्वस्थ समाज के निर्माण को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। बैठक में पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, अतिरिक्त उपायुक्त प्रियांशु खाती, सभी उपमंडलों के उपमंडलाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा खेल संघों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774470 Articles

Share this story