खेलो हिमाचल-चिट्टा मुक्त अभियान के तहत सुंदरनगर में होंगी आठ खेल प्रतियोगिताएं

WhatsApp Channel Join Now
खेलो हिमाचल-चिट्टा मुक्त अभियान के तहत सुंदरनगर में होंगी आठ खेल प्रतियोगिताएं


मंडी, 21 नवंबर (हि.स.)। प्रदेश सरकार के चिट्टा मुक्त हिमाचल अभियान के तहत युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा उन्हें खेल गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से उपमंडल सुंदरनगर में खेलो हिमाचल-चिट्टा मुक्त अभियान के अंतर्गत आठ खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिताओं की तैयारियों को लेकर उपमंडलाधिकारी (ना.) सुंदरनगर अमर नेगी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई, जिसमें आयोजन की रूपरेखा एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

एसडीएम अमर नेगी ने बताया कि अभियान के तहत क्रिकेट, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, कबड्डी, एथलेटिक्स, कुश्ती, हॉकी और रस्साकशी की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इनमें 15 से 30 वर्ष आयु वर्ग के महिला एवं पुरुष खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिताओं के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ाकर 30 नवंबर, 2026 कर दी गई है। इच्छुक खिलाड़ी https://khelohimachal.hp.gov.in पोर्टल पर पंजीकरण करवा सकते हैं। प्रतिभागी एक से अधिक खेलों में भी हिस्सा ले सकेंगे।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिताएं 12 दिसंबर 2026 से शुरू होगी।

इसके लिए सुंदरनगर में राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (छात्र), पीएम श्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (कन्या), महाराजा लक्ष्मण सेन मेमोरियल कॉलेज तथा राजकीय बहुतकनीकी संस्थान के मैदानों का चयन किया गया है।

एसडीएम ने कहा कि अब तक प्राप्त पंजीकरण में महिला खिलाड़ियों की भागीदारी अपेक्षाकृत कम सामने आई है। इसे देखते हुए सभी शिक्षण संस्थानों, पंचायत प्रतिनिधियों और महिला खिलाड़ियों से विशेष आग्रह किया गया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में प्रतियोगिताओं के लिए पंजीकरण करवाएं।

उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से भी आग्रह किया कि प्रत्येक पंचायत से रस्साकशी प्रतियोगिता के लिए एक महिला और एक पुरुष टीम का पंजीकरण सुनिश्चित करने के प्रयास करें। उन्होंने कहा कि महिलाओं की खेलों में भागीदारी केवल उनकी प्रतिभा को मंच देने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। खेलों के माध्यम से महिलाएं और युवतियां आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश भी दे सकती हैं।

अमर नेगी ने बताया कि कबड्डी, वॉलीबॉल और क्रिकेट प्रतियोगिताओं में उपमंडल स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को क्रमशः 51 हजार, 41 हजार और 31 हजार रुपए की पुरस्कार राशि दी जाएगी। जिला स्तर पर यह राशि क्रमशः 2 लाख, 1.50 लाख और 1 लाख रुपये, जबकि राज्य स्तर पर 31 लाख, 15 लाख और 10 लाख रुपए निर्धारित की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781163 Articles

Share this story