खेलो हिमाचल-चिट्टा मुक्त अभियान के लिए 30 नवंबर तक करवाएं ऑनलाइन पंजीकरण : जोगिंद्र पटियाल

WhatsApp Channel Join Now
खेलो हिमाचल-चिट्टा मुक्त अभियान के लिए 30 नवंबर तक करवाएं ऑनलाइन पंजीकरण : जोगिंद्र पटियाल


मंडी, 16 नवंबर (हि.स.)। खेलो हिमाचल-चिट्टा मुक्त अभियान के तहत आयोजित होने वाली खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ियों को 30 नवंबर तक ऑनलाइन पंजीकरण करवाना होगा। एसडीएम धर्मपुर जोगिंद्र पटियाल ने सोमवार को एसडीएम कार्यालय में अभियान की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता की।

उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को अभियान के सफल आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। एसडीएम ने बताया कि प्रदेश सरकार की ओर से युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़कर नशे से दूर रखने के उद्देश्य से यह अभियान शुरू किया गया है। इसके तहत क्रिकेट, वॉलीबॉल, कबड्डी, एथलेटिक्स, कुश्ती, हॉकी, रस्साकशी और बैडमिंटन सहित आठ खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं में 15 से 30 वर्ष आयु वर्ग के महिला एवं पुरुष खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिताएं उपमंडल, जिला और राज्य स्तर पर आयोजित की जाएंगी।

उन्होंने बताया कि इच्छुक खिलाड़ियों एवं टीमों को खेलो हिमाचल पोर्टल पर 30 नवंबर तक ऑनलाइन पंजीकरण करवाना अनिवार्य है। पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क रखी गई है। प्रतियोगिताओं के विभिन्न स्तरों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों एवं टीमों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। एसडीएम ने उपमंडल धर्मपुर के सभी खिलाड़ियों, युवाओं और विद्यार्थियों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रखने के साथ-साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं की ऊर्जा को रचनात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित करना, उन्हें चिट्टे सहित अन्य नशों से दूर रखना तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778177 Articles

Share this story